गिरिडीह : मुफस्सिल थाना इलाके के सिहोडीह में एक छात्र ने पेड़ पर रस्सी से फांसी लगाकर जान दे दी. मृतक बिरनी निवासी अजीत सिंह का पुत्र सिटू( 17) था. वह अपने पिता-माता व घर के अन्य सदस्यों के साथ शंकरचक में रह रहा था. सिटू भंडारो के कॉलेज में कक्षा इंटर का छात्र था.
परिजनों ने बताया कि सोमवार को सिटू अपने गांव के एक युवक बिट्टू सिंह के साथ ट्यूशन पढ़ने के लिए बरगंडा स्थित राजीव कोचिंग सेंटर गया. वहां पढ़ने के बाद सुबह सात बजे के आसपास बिट्टू को यह कहकर निकला कि उसे शौच लगी है और शौच के बाद वह घर आ जायेगा. बाद में बिट्टू अपने घर पहुंच गया, लेकिन सिटू वापस नहीं आया. सुबह 10.30 के आसपास कुछ लोग जब सिहोडीह स्थित माइका फैक्टरी की ओर से गुजरे तो उनकी नजर पेड़ से लटक रही लाश पर पड़ी. खबर पूरे इलाके में आग की तरह फैल गयी.
लोगों ने शव को पहचाना तो परिजनों को सूचना दी. खबर पाकर थाना से सअनि युगल सिंह पहुंचे और शव को पेड़ से उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. इस संदर्भ में सअनि युगल सिंह ने कहा कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है. आत्महत्या का स्पष्ट कारण परिजनों ने नहीं बताया है. परिजन जो आवेदन देंगे उसी के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की जायेगी.
