Giridih News :ओवरब्रिज निर्माण की धीमी रफ्तार पर फूटा लोगों का गुस्सा

Giridih News :सरिया रेलवे फाटक 20बी 3टी पर बन रहे ओवरब्रिज निर्माण कार्य की धीमी गति और अव्यवस्थाओं पर गुरुवार को स्थानीय जनप्रतिनिधियों व व्यवसायियों ने कार्यस्थल पहुंचकर नाराजगी जतायी.

नगर पंचायत अध्यक्ष शोभा देवी व झामुमो नेता फागू पंडित ने निर्माण स्थल का निरीक्षण करते हुए कहा कि लंबे समय से चल रहे निर्माण कार्य के कारण आम लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. निरीक्षण के दौरान नेताओं ने पाया कि अब तक समुचित डायवर्सन व नाली का निर्माण नहीं किया गया है. वहीं, बनाया गया डायवर्सन पूरी तरह जर्जर हो चुका है. सड़क पर जगह-जगह गड्ढे और कीचड़ होने से राहगीरों, स्कूली बच्चों तथा वाहन चालकों को काफी दिक्कती हो रही है. बारिश होने पर स्थिति और बदतर हो जाती है.

बाजार आने वालों की संख्या में आयी कमी

स्थानीय व्यवसायियों ने बताया कि सड़क की बदहाल स्थिति के कारण बाजार आने वाले लोगों की संख्या कम हो गयी है. इससे व्यापार प्रभावित हो रहा है. धूल और जाम की समस्या से आसपास के दुकानदार भी परेशान हैं. नगर पंचायत अध्यक्ष ने संबंधित विभाग और निर्माण एजेंसी से अविलंब सड़क मरम्मत, नाली निर्माण तथा कार्य में तेजी लाने की मांग की. वहीं, फागू पंडित ने कहा कि यदि जल्द व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ, तो आंदोलन किया जायेगा. मौके पर वार्ड सदस्य कल्पना कुमारी, बिनोद ठाकुर, मिलन यादव, अरुण राम, अजीत मंडल, व्यवसायी अजय बर्णवाल, संजय मोदी, बिट्टू तर्वे, शंभु मोदी, महेश मोदी सहित अन्य उपस्थित थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: PRADEEP KUMAR

PRADEEP KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >