कोलडीहा निवासी घायल महिला ने पुलिस को दिया फर्दबयान
गिरिडीह : दहेज देने से मना करने पर एक महिला की पिटाई उसकी बेटी के ससुरालवालों ने कर दी. इस घटना में घायल कोलडीहा की माजदा खातून (पति मो. गुलाम) ने सदर अस्पताल में इलाज के दौरान सोमवार को नगर पुलिस के समक्ष अपना फर्द बयान दर्ज कराया है. नगर पुलिस ने माजदा के फर्द बयान को प्राथमिकी दर्ज करने के लिए मुफ्फसिल थाना को भेज दिया है.
माजदा का कहना है कि वह पिछले कुछ दिनों से बीमार चल रही है. इसी बीच उसकी समधन जैतून बीबी एवं समधी मो. गफ्फार ने उनसे कहा कि मधुपुर में एक मजार है, वहां जाने पर वह ठीक हो जायेगी. इसके लिए वे लोग मधुपुर जाने के लिए रेलवे स्टेशन गिरिडीह पहुंचे.
यहां काफी देर तक इंतजार करने के बाद जब समधी व समधन नहीं आये तो वह अपने पति के साथ बेटी की ससुराल बरवाडीह पहुंची. बरवाडीह में ही जैतून बीबी, मो. गफ्फार एवं दामाद मो. सिराज ने उसके पति के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी. जब उन्होंने विरोध किया तो 50 हजार रुपये दहेज स्वरूप मांगे. पैसा देने से मना किया तो उसके साथ मारपीट कर उसे घायल कर दिया गया.
