बगोदर में ट्रक-सवारी गाड़ी में टक्कर
आठ घायल, चार गंभीर, रांची रेफर
बगोदर/सरिया/बेंगाबाद : अलग-अलग सड़क हादसों में 24 घंटे के दौरान जिले में एक छात्रा समेत चार लोगों की मौत हो गयी. पहली घटना बगोदर थाना क्षेत्र के जीटी रोड संतुरपी के पास बुधवार की देर रात को घटी. यहां एक ट्रक ने सवारी गाड़ी को धक्का मार दिया, जिससे दो लोेगों की मौत हो गयी, जबकि आठ घायल हो गये. घायलों का प्राथमिक उपचार बगोदर अस्पताल में किया गया. चार की हालत गंभीर देखते हुए रांची रेफर कर दिया गया.
मृतकों में अटका निवासी राजेश तिवारी (27) व गोरहर निवासी राजू मांझी गोरहर (40)शामिल हैं. घायलों में रामजी हांसदा, सुखदेव मांझी, सोनू मांझी, संतोष हेंब्रम, चेतलाल हेंब्रम, मनोज मांझी, राम किशुन मांझी व एक अन्य शामिल है. वहीं बेंगाबाद-मधुपुर मुख्य मार्ग पर गुरुवार को सलैया गांव निवासी रवि यादव की आठ वर्षीय पुत्री दुर्गा कुमारी हादसे का शिकार हो गयी. वह दोपहर को डाकबंगला स्थित टीएनपी पब्लिक स्कूल से घर लौट रही थी, इसी दौरान एक इंडिका कार उसे धक्का मार कर फरार हाे गयी .
घायल छात्रा को बेंगाबाद के एक क्लिनिक में भर्ती कराया गया, जहां से उसे गिरिडीह रेफर कर दिया गया. गिरिडीह जाने के क्रम में छात्रा ने दम तोड़ दिया. उधर, सरिया थाना क्षेत्र स्थित ठाकुरबाड़ी के समीप बुधवार की शाम सेवानिवृत्त शिक्षक बैकुंठ पांडेय (65) की हादसे में मौत हो गयी. वह सरिया बाजार से बागोडीह मोड़ जा रहे थे. इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रहे ट्रक ने उन्हें कुचल दिया.
वहीं रेलवे क्राॅसिंग बंद रहने के कारण ड्राइवर गाडी छोड़कर भाग खड़ा हुआ. जानकारी मिलने पर सरिया पुलिस घटनास्थल पर पहुंची तथा शव को कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए गिरिडीह भेज दिया.
