गरीबों को राशन और केरोसिन मुहैया कराने की मांग काे लेकर भाकपा माले के समर्थकों ने गुरुवार को बिरनी और बगोदर प्रखंड में आंदोलन का शंखनाद कर दिया. जल्द अनाज नहीं मिलने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी है.
बिरनी : तीन माह से अनाज नहीं मिलने से त्रस्त बिरनी प्रखंड के कार्डधारकों ने गुरुवार को भाकपा माले के नेतृत्व में बिरनी प्रखंड मुख्यालय से प्रतिवाद मार्च निकाला. मार्च बिराजपुर से प्लस टू उच्च विद्यालय पलौंजिया तक गया.
कार्डधारकों का कहना था कि उन्हें जनवरी, मार्च व अप्रैल माह का अनाज नहीं मिला है. मौके पर बगोदर के पूर्व विधायक विनोद कुमार सिंह ने कहा कि कि अच्छे दिन का सपना दिखाने वाली सरकार गरीबों को राशन-केरोसिन तक मुहैया नहीं करा पा रही है.
अधिकारियों कि मिलीभगत से बीते दिनों गरीबों का 333 बोरा चीनी गायब करने का प्रयास किया गया. इसे माले के समर्थकों ने मामले को उजागर किया है. कहा कि बिरनी के पड़रिया, कपिलो, बाराडीह में 14 करोड़ की लागत से पानी टंकी निर्माण को लेकर डेढ़ वर्ष पूर्व टेंडर हुआ था, जिसे रोक दिया गया है.
कार्यक्रम का संचालन पूर्व प्रमुख सह सचिव सीताराम सिंह ने किया. अध्यक्षता सेवानिवृत्त शिक्षक भैरव शरण यादव ने की. कार्यक्रम को रामविलास पासवान, रामू बैठा, संतोष कुमार जिप सदस्य किरन कुमारी पंसस मुन्नी दास आदि ने संबोधित किया.
