चार माह से मानदेय नहीं मिलने से क्षुब्ध सहियाओं ने सोमवार को पीरटांड़ स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में लेखा प्रबंधक अमित कुमार को चार घंटे तक बंधक बनाये रखा. आश्वासन के बाद उन्हें मुक्त किया गया.
मधुबन : सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में सोमवार को पहुंची सहियाओं ने विभाग पर आक्रोश जताया. वे चार माह के मानदेय भुगतान के साथ प्रोत्साहन राशि की मांग कर रही थीं. उनका कहना था कि क्षेत्र में किये गये डीडीटी छिड़काव का भी भुगतान उनके बीच नहीं किया गया है, जबकि एएनएम का भुगतान कर दिया गया. जब भी वे मानदेय व प्रोत्साहन राशि के भुगतान की बात करती हैं तो लेखा प्रबंधक दुबारा वाउचर की मांग करते हैं. क्षेत्र में किये गये टीकाकरण व गृह भ्रमण के तहत किये गये काम का भी पारिश्रमिक उन्हें नहीं मिला है.
कार्यक्रम का नेतृत्व कर रही सहिया गुड़िया देवी ने बताया कि जमदाहा, परसबनी, छछकीटांड़, ताराटांड़, कारूबेड़ा पारसनाथ, बदरो, जयनगर, बाराडीह, रजपुरा में डीडीटी छिड़काव के लिए 25 सहिया को लगाया गया था, लेकिन उनके बीच पारिश्रमिक भुगतान नहीं किया गया है. कहा कि सहिया को बैठक के लिए कोई स्थान नहीं दिया गया है. इन्हीं सब बातों से आक्रोशित सहियाओं ने सुबह 10 से दोपहर दो बजे तक लेखा प्रबंधक को बंधक बनाये रखा. बाद में आश्वासन मिला तो वे शांत हुईं. मौके पर कुंती देवी, सूरजमुणि, प्रमिला देवी, सुनीता देवी, लक्ष्मी देवी, सुरु टुडू, हेमंती देवी समेत अन्य सहिया उपस्थित थीं.
एक सप्ताह में होगा भुगतान : प्रबंधक : लेखा प्रबंधक अमित कुमार का कहना है कि सहियाओं के बीच जनवरी माह में ही मानदेय का भुगतान किया जा चुका है. गत आठ अप्रैल को कई सहिया को प्रोत्साहन राशि दी गयी है. मानदेय व प्रोत्साहन राशि का भुगतान एक सप्ताह में कर दिया जायेगा.
जमुआ : पालमो पंचायत के भुचरोबाद व दसोंधीडीह की महिलाओं ने सोमवार को बीडीओ कार्यालय पहुंच कर उनका घेराव किया. इस दौरान दमरी देवी, गंगिया देवी, सोहनी देवी, जितनी देवी, सारो देवी, बासुदेव यादव, निर्मल दास, गुड़िया देवी, तरणी देवी, शांति देवी, सरिता देवी, लालो देवी, शकुनि देवी आदि ने कहा कि डीलर को जब आनाज मांगने जाते है तो कहा जाता है कि राशन नहीं है. हम सभी बीपीएल परिवार को आठ माह से खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत अनाज नहीं मिला और ना ही कार्ड दिया गया है. जबकि हम लोगों के नाम का अनाज व केरोसिन का उठाव डीलर ने किया है.
बीडीओ ने दिया आश्वासन: इधर बीडीओ तेज कुमार हस्सा ने महिलाओं को आश्वासन दिया कि मामले को ले प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी से वार्ता कर सकारात्मक पहल की जायेगी. बीडीओ के आश्वासन के बाद महिलाएं लौट गयीं.
