बरकट्ठा : एंटी करप्शन ब्यूराे (एसीबी) की टीम ने शुक्रवार की सुबह बरकट्ठा में पंचायत सेवक गुरुचरण सिंह को 400 रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया. डीएसपी प्राण रंजन के नेतृत्व में टीम ने यह कार्रवाई की. एसीबी की टीम गुरुचरण सिंह को गिरफ्तार कर अपने साथ ले हजारीबाग ले गयी़
पंचायत सेवक गुरुचरण सिंह प्रखंड की गैडा चुगलामो व चेचकप्पी पंचायत के पंचायत सेवक के चार्ज में थे. बेड़ोखुर्द की मसोमात केशिया (पति स्व भरत साव) को वृद्धापेंशन के लिए पिछले तीन -चार माह से दौड़ा रहे थ़े केशिया को अक्तूबर 2013 तक सामाजिक सुरक्षा पेंशन मिली थी. इसके बाद से पेंशन बंद थी. पेंशन चालू कराने के लिए पंचायत सेवक गुरुचरण सिंह से कहा, ताे उसने इसके एवज में पांच सौ रुपये घूस मांगी थी.
डीएसपी प्राण रंजन ने कहा कि महिला केशिया ने पंचायत सेवक गुरुचरण सिंह द्वारा पांच सौ रुपये घूस मांगे जाने की शिकायत की थी. छह मई को टीम गठित कर कार्रवाई की गयी.
