गिरिडीह में व्यवसायी को मारी गोली, रेफर

रोड रेज. बाइक से स्विफ्ट कार सटने के बाद आपे से बाहर हुए युवक गिरिडीह शहर में अपराधियों का मनोबल काफी बढ़ गया है. रविवार की रात एक बाइक से व्यवसायी की गाड़ी सट गयी तो अपराधियों ने उन्हें गोली मार दी. इस घटना से शहर में सनसनी फैल गयी है,लोग स्तब्ध हैं.घटनास्थल स्थानीय विधायक […]

रोड रेज. बाइक से स्विफ्ट कार सटने के बाद आपे से बाहर हुए युवक
गिरिडीह शहर में अपराधियों का मनोबल काफी बढ़ गया है. रविवार की रात एक बाइक से व्यवसायी की गाड़ी सट गयी तो अपराधियों ने उन्हें गोली मार दी. इस घटना से शहर में सनसनी फैल गयी है,लोग स्तब्ध हैं.घटनास्थल स्थानीय विधायक निर्भय शहाबादी के घर से मात्र 200 मीटर की दूरी पर स्थित है.
गिरिडीह : रोड रेज के एक मामले में बाइक सवार तीन युवकों ने शहर के युवा व्यवसायी सवनीत सिंह उर्फ शीनू सरदार को गोली मार दी. गोली छाती की दाहिनी ओर ऊपरी हिस्से में लगी.
इससे पूर्व युवकों की सवनीत के साथ नोक-झोंक और गाली-गलौज भी हुई. युवक व्यवसायी की स्विफ्ट कार उनकी बाइक से सटने के चलते नाराज थे. चिकित्सकों ने सवनीत को गंभीर हालत में दुर्गापुर रेफर कर दिया. ऑपरेशन कर गोली निकाल दी गयी है.
पुलिस आरोपी युुवकों की खोज में जुटी है. पुलिस ने बताया कि शीनू सरदार अपनी सत्यम मोबाइल दुकान बंद कर रात में मकतपुर स्थित पंजाबी कोठी आवास लौट रहे थे. इसी क्रम में शाहाबादी मार्केट स्थित रामबाबू की वाइन शॉप के पास उनकी स्विफ्ट गाड़ी किसी बाइक से सट गयी. इस मामले में बाइक सवार और शीनू के बीच तू-तू-मैं-मैं हुई. जब शीनू अपनी कार लेकर आगे बढ़े हथियारबंद युवकों ने बाइक से उनका पीछा किया.
गोली लगने के बाद भी कार ड्राइव की : मकतपुर स्कूल के निकट उनकी गाड़ी को रोककर गोली मार दी. तीन की संख्या में बाइक पर सवार अपराधी इस दौरान गाली-गलौज भी कर रहे थे. घटना रात लगभग सवा दस बजे की है. सुनसान इलाका होने के कारण अपराधी भागने में सफल हो गये.
बताया जाता है कि गोली लगने के बाद शीनू अपनी स्विफ्ट गाड़ी लेकर किसी तरह पंजाबी कोठी पहुंचे, जहां से उन्हें नवजीवन नर्सिंग होम लाया गया. प्राथमिक उपचार के बाद शीनू को दुर्गापुर के लिए रेफर कर दिया गया. दुर्गापुर में सफल ऑपरेशन के बाद उनकी स्थिति खतरे से बाहर बतायी गयी है. शीनू के पिता परमजीत सिंह छावड़ा ने बताया कि ऑपरेशन कर गोली निकाल ली गयी है और डॉक्टरों के अनुसार उसकी स्थिति में सुधार हो रही है. इधर सूचना पाकर विधायक निर्भय शहाबादी भी घटनास्थल पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली.
शीघ्र पकड़े जायेंगे अपराधी
गोलीकांड की पड़ताल हो रही है. अपराधी फरार हो गये हैं, लेकिन शीघ्र ही उन्हें पकड़ लिया जायेगा. पुलिस हर बिंदु पर जांच कर रही है. धर-पकड़ के लिए दो स्थानों पर छापेमारी भी की गयी है और पुराने अपराधियों से भी पूछताछ की जा रही है. जिस तरह घटना को अंजाम दिया गया है, उससे यह स्पष्ट हो गया है कि अपराधी गोली चलाने में माहिर हैं.
विजय आशीष कुजूर, डीएसपी

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >