सासाराम (ग्रामीण) : शहर के डीएम कॉलोनी के पीछे स्थित शिव कॉलोनी में लंबे अरसे से देह व्यापार का धंधा चल रहा था. इस धंधे की जानकारी पुलिस को मुहल्लावासियों ने पूर्व में भी दी थी. लेकिन, पुलिस के पास पर्याप्त साबूत नहीं रहने के कारण कार्रवाई में विलंब हुई. यही नहीं, जिले के कई प्रखंडों से कमीशन एजेंटों द्वारा देह व्यापार के लिए लड़कियों की सप्लाई की जाती रही थी.
इस धंधे में कई सफेदपोश नेताओं की संलिप्तता भी बतायी जा रही है. हालांकि, पुलिस ने सफेदपोशों के नामों का खुलासा नहीं किया है. जिलाधिकारी के आवास के कुछ ही दूरी पर चल रहे देह व्यापार के धंधे पर लोगों को भले ही विश्वास नहीं हो रहा हो, लेकिन यह सच है. इस रैकेट का भंडाफोड़ होते ही लोग अवाक रह गये. गौरतलब है कि सैक्स रैकेट के दौरान जो युवतियां पकड़ी गयी हैं, उनमें शहर के अलावा शिवसागर व डेहरी की भी लड़कियां हैं.
इससे स्पष्ट हो गया है कि लड़कियों की यहां सप्लाई की जाती है. घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं भी शुरू हो गयी हैं. मुहल्ले के लोगों ने नाम नहीं छापने की शर्त पर बताया कि यह धंधा काफी दिनों से शहर में फल-फूल रहा था. कई बार इसकी शिकायत संबंधित अधिकारियों से की गयी, परंतु कार्रवाई नहीं हो पायी थी. देह व्यापार के धंधे से लोगों में काफी आक्रोश है. इससे पहले भी चेनारी के साबराबाद से सैक्स रैकेट का भंडाफोड़ 26 जुलाई 2014 को किया गया था.
