बिरनी प्रखंड की अरारी पंचायत के मरकोडीह टोला छतवाटांड़ निवासी प्रकाश साव के घर से गुरुवार की रात 26 बकरे चोरी हो गये. घटना के बाद पशुपालक ने बिरनी थाना में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है.
प्रकाश साव ने बताया कि गुरुवार की रात उन्होंने सभी बकरों को घर के एक कमरे में बंद कर दिया था और सोने चले गये. शुक्रवार की सुबह उठने पर कमरे का ताला टूटा मिला. अंदर देखने पर सभी 26 बकरे गायब थे. इसके बाद उन्होंने आसपास खोजबीन की, लेकिन बकरों का कोई पता नहीं चला.
मालवाहक वाहन से बकरे ले जाने की आशंका
खोजबीन के दौरान घर के पश्चिम दिशा में मालवाहक वाहन के पहिये के निशान मिले. वहां बकरों का मल-मूत्र भी पड़ा हुआ था. इन निशानों के आधार पर आशंका जतायी जा रही है कि चोर मालवाहक वाहन से बकरों को लादकर ले गये.
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली. बिरनी थाना प्रभारी आकाश भारद्वाज ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस पदाधिकारी को घटनास्थल पर भेजकर जांच करायी गयी है. उन्होंने कहा कि जल्द ही मामले का उद्भेदन कर लिया जाएगा.
