बिना एनओसी के शुरू काम रुका

सीसीएल की जमीन पर जिप के भवन निर्माण का ग्रामीणों ने किया विरोध सीसीएल की जमीन पर जिप के भवन निर्माण का विरोध सीसीएल डीएवी प्रबंधन व स्थानीय लोगों ने करना शुरू कर दिया है. विरोध को देखते हुए फिलहाल काम को रोक दिया गया है. गिरिडीह. सीसीएल डीएवी की चहारदीवारी से सटी सीसीएल की […]

सीसीएल की जमीन पर जिप के भवन निर्माण का ग्रामीणों ने किया विरोध
सीसीएल की जमीन पर जिप के भवन निर्माण का विरोध सीसीएल डीएवी प्रबंधन व स्थानीय लोगों ने करना शुरू कर दिया है. विरोध को देखते हुए फिलहाल काम को रोक दिया गया है.
गिरिडीह. सीसीएल डीएवी की चहारदीवारी से सटी सीसीएल की जमीन पर जिप के भवन निर्माण का विरोध शुरू हो गया है. विद्यालय प्रबंधन ने भी स्थानीय लोगों के सुर में सुर मिलाना शुरू कर दिया.
लोगों के विरोध व बगैर अनुमति के निर्माण के लिए जमीन के समतलीकरण की जानकारी होने पर परियोजना पदाधिकारी केके पांडा सक्रिय हो गये. कल्याण पदाधिकारी सुनील कुमार सहारे व सुरक्षा निरीक्षक ओमप्रकाश दास को स्थल भेज कर काम रोका गया.
स्कूल की शिकायत पर प्रबंधन ने काम रोका : बताया जाता है कि सीसीएल डीएवी की चाहरदिवारी से सटी जमीन पर मंगलवार की दोपहर को अचानक जेसीबी से झाड़ी साफ की जाने लगी.
बुधवार की सुबह भी काम शुरू कर दिया गया. सीसीएल की जमीन पर काम होते देख स्थानीय लोग पहुंचे. पूछताछ करने पर जानकारी मिली कि वहां जिला परिषद से डीपीआरसी का भवन निर्माण होना है. लोगों ने स्कूल भवन से सटे निर्माण होने पर सवाल उठाया. जानकारी होने पर प्राचार्य भैया अभिनव कुमार ने भी शिक्षकों के साथ स्थल का दौरा किया. दरअसल यहां स्कूल का प्ले ग्राउंड बनना है. विद्यालय प्रबंधन की शिकायत के बाद गिरिडीह कोलियरी प्रबंधन सक्रिय हुआ और फिर काम को रोका जा सका.
नहीं दिया गया है एनओसी : पीओ
सीसीएल गिरिडीह कोलियरी के परियोजना पदाधिकारी केके पांडा ने बताया कि सीसीएल के स्कूल डीएवी से सटे इलाके में किसी भी सरकारी भवन के लिए कोई एनओसी नहीं दिया गया है. बगैर एनओसी के ही यहां भवन निर्माण कार्य की सूचना पर कार्य बंद करवा दिया गया है.
जमीन प्ले ग्राउंड के लिए प्रस्तावित : प्राचार्य
सीसीएल डीएवी के प्राचार्य भैया अभिनव कुमार ने कहा उक्त जमीन प्ले ग्राउंड के लिए प्रस्तावित है. प्रबंधन ने भी इसकी सहमति दे दी है. बुधवार की सुबह जमीन के जेसीबी से समतलीकरण की जानकारी मिली. विद्यालय में बच्चों को खेलने में परेशानी होती है. यहां की कई बच्चियां क्रिकेट, हॉकी खेल रही हैं. ऐसे में इस स्थान पर भवन बनाया जाना विद्यालय की सुरक्षा के लिए भी उचित नहीं है.
दूसरे स्थान पर बने भवन : कामेश्वर
स्कूल से सटे इलाके में भवन निर्माण की सूचना पर जिप उपाध्यक्ष कामेश्वर पासवान भी विद्यालय पहुंचे. प्राचार्य व कोलियरी पीओ से वार्ता के बाद कहा कि सीसीएल डीएवी में कोयलांचल के बच्चे पढ़ते हैं. विद्यालय में बच्चों की संख्या लगातार बढ़ रही है. यहां खेल मैदान की आवश्यकता है. कहा : इलाका कोल बीयरिंग है, इसलिए यहां पर भवन बनाना सरकारी राशि का दुरुपयोग है. ऐसे में भवन को दूसरे स्थान पर बनवाया जायेगा.
एनओसी के लिए रांची भेजा गया है कागजात : एइ
जिला परिषद के सहायक अभियंता नरेश कुमार ने बताया कि 99 लाख रुपये की लागत से स्टेडियम के समीप डीपीआरसी भवन बनाया जाना है. अभी इसका शिलान्यास नहीं किया गया है. वैसे भवन सीसीएल की जमीन पर बनाया जाना है. कहा : सीसीएल से एनओसी नहीं मिला है. अभी कागजात सीसीएल मुख्यालय भेजा गया है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >