गिरिडीह जिला को साइबर अपराध से मुक्त कराने को लेकर पुलिस महकमा सख्त है. एक ओर जहां ग्रामीणों काे इसके खिलाफ जागरूक किया जा रहा है, वहीं अपराधियों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है. साइबर क्राइम को लेकर जिले के 11 गांवों को चिह्नित भी किया गया है.
गिरिडीह : साइबर अपराधियों को गिरफ्तार कर सिर्फ मुकदमा तक कार्रवाई को सीमित नहीं रखें, बल्कि अपराधियों को न्यायालय से सजा दिलाने की दिशा में कार्य किया जाये. इस तरह के अपराध को रोकने के लिए सिमकार्ड के डिस्ट्रीब्यूटर, बैंक अधिकारियों से भी संपर्क रखते हुए कार्रवाई हो. यह निर्देश डीजीपी डीके पांडेय ने पुलिस अधिकारियों को दिया है. वह मंगलवार को साइबर अपराध के खिलाफ की गयी कार्रवाई की समीक्षा वीडियो काॅन्फ्रेंसिंग के जरिये कर रहे थे. गिरिडीह एसपी सुरेंद्र कुमार झा से पूरे महीने में साइबर अपराध के खिलाफ की गयी कार्रवाई की जानकारी ली. कितने अपराधी पकड़े गये, किन-किन थानों में प्राथमिकी दर्ज की गयी और फरार अपराधियों के धर-पकड़ को ले किस प्रकार की कार्रवाई की जा रही है के बारे में पूछा गया.
साइबर अपराधियों के द्वारा जमा की गयी अवैध संपत्ति की सूची की भी जानकारी डीजीपी ने ली. इस दौरान एसप ने हाल के दिनों में की गयी कार्रवाई और गांडेय प्रखंड में चलाये जा रहे जागरूकता अभियान की जानकारी दी. बता दें कि साइबर अपराध पर रोकथाम लगाने के लिए पुलिस की कार्रवाई की प्रत्येक माह डीजीपी समीक्षा करते हैं.
