नईटांड़ में अतिक्रमणकारियों के घरों पर चला बुलडोजर, कई लोग हुए बेघर

कार्रवाई. 16 परिवार के घर किये गये ध्वस्त, ग्रामीणों ने किया विरोध सरकारी जमीन को अतिक्रमित कर रहने वाले लोगों पर गाज गिरनी शुरू हो गयी है. बुधवार को हरिला पंचायत के नईटांड़ गांव में वर्षों से सरकारी जमीन पर रह रहे 16 परिवार के घरों पर बुलडोजर चलाया गया. इससे कई लोग बेघर हो […]

कार्रवाई. 16 परिवार के घर किये गये ध्वस्त, ग्रामीणों ने किया विरोध
सरकारी जमीन को अतिक्रमित कर रहने वाले लोगों पर गाज गिरनी शुरू हो गयी है. बुधवार को हरिला पंचायत के नईटांड़ गांव में वर्षों से सरकारी जमीन पर रह रहे 16 परिवार के घरों पर बुलडोजर चलाया गया. इससे कई लोग बेघर हो गये. हालांकि प्रशासनिक कार्रवाई का ग्रामीणों ने विरोध भी किया, लेकिन प्रशासन के सख्त रवैये के कारण लोग पीछे हट गये.
बेंगाबाद : हरिला पंचायत के नईटांड़ गांव में वर्षों से सरकारी जमीन पर अतिक्रमण कर रह रहे 16 परिवारों के घरों को बुधवार को प्रशासनिक टीम ने जेसीबी से ध्वस्त कर दिया. प्रशासनिक कार्रवाई का ग्रामीणों ने विरोध भी किया, लेकिन प्रशासन के सख्त रवैये को देख लोग शांत हो गये. इस दौरान घर से बेघर हुए कुछ लोगों ने प्रशासन के समक्ष रहम की गुहार भी लगायी.
भारी सुरक्षा बल, दंडाधिकारी, सीओ, बीडीओ व थाना प्रभारी की मौजूदगी में बुधवार एक बजे से शाम के पांच बजे तक अतिक्रमण हटाने का दौर चला. मौके पर सीओ शंभु राम, बीडीओ कुमार अभिषेक सिंह, दंडाधिकारी जय आनंद सिंह, थाना प्रभारी नीरज कुमार सिंह, एसआइ चंद्रिका पासवान, एएसआइ जेपीएन सिन्हा, गोमेश सोरेन, धर्मेंद्र सिंह, सीआइ दानियल सोरेन, राजस्व कर्मचारी जयदेव शर्मा, अविनाश कुमार, ब्रजनंदन चौधरी, अभयकांत सिन्हा आदि मौजूद थे.
गैरमजरुआ जमीन के कब्जे से खेल शुरू
जानकारी के अनुसार हरिला पंचायत के नईटांड़ गांव में वर्षों से गैरमजरूआ जमीन को कब्जा कर उसमें घर बनाकर कुछ परिवार रह रहे थे. इस बीच अन्य लोग भी उक्त जमीन को अतिक्रमण करने के फिराक में जुट गये. इसकी शिकायत गांव के कुछ लोगों ने सीओ शंभु राम से की. इसके बाद सीओ ने स्थल जाकर राजस्व कर्मचारी से जांच रिपोर्ट मांगी. जांच के बाद सरकारी जमीन पर अतिक्रमण की बात सामने आयी. इसके बाद अंचलाधिकारी ने जांच प्रतिवेदन तत्कालीन एसडीएम नमिता कुमारी को सौंपा. इसी निहित एसडीएम नमिता कुमारी ने स्थल निरीक्षण कर सीओ को अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया था.
कई परिवारों के पास सिर छुपाने के लिए छत नहीं
प्रशासन द्वारा अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान घरों को तोड़े जाने के बाद कई परिवारों को सिर छुपाने के लिए छत नहीं बचा है. वे लोग बेघर हो गये हैं. लोगों का कहना था कि वे वर्षों से सपरिवार रह रहे थे. प्रशासन द्वारा बुलडोजर चलाये जाने से अब उनके पास सिर छुपाने के लिए भी जगह नहीं बची.
क्या कहते हैं अंचलाधिकारी
सीओ शंभु राम ने कहा कि हरिला पंचायत के नईटांड़ गांव में वर्षों से 16 परिवार के लोग 2 एकड़ 61 डिसमिल जमीन पर अतिक्रमण किये हुए थे. बार-बार नोटिस के बाद भी अतिक्रमण नहीं हटाया जा रहा था. वरीय अधिकारी को इसकी रिपोर्ट भी भेजी गयी थी. वरीय पदाधिकारियों के निर्देश के बाद बुधवार को अतिक्रमण हटा लिया गया.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >