गिरिडीह : एसडीओ विजया जाधव ने सोमवार की देर शाम सदर प्रखंड के शंकरचक बालू घाट में छापामारी की. बालू से भरे चार ट्रक, तीन खाली ट्रक, जेसीबी व स्काॅर्पियो वाहन जब्त किये.
मौके से पांच लोगों को गिरफ्तार कर थाना भेज दिया गया. एसडीओ को जानकारी मिली कि शंकरचक में घाट से अवैध तरीके से बालू का उठाव हो रहा है. ट्रैक्टर के माध्यम से उसे एक स्थान पर जमा किया जा रहा है और जेसीबी से बालू को ट्रक पर लादा जा रहा है, जिसे बिहार भेजे जाने की तैयारी की गयी है. सूचना मिलते ही एसडीओ शंकरचक पहुंच गयीं.
एसडीओ का वाहन जैसे ही बालू घाट पहुंचा तो वहां अफरातफरी मच गयी. वहां मौजूद लोग इधर-उधर भागने लगे. भागने के क्रम में पांच लोगों को पकड़ा गया. पकड़े गये लोगों में दो साइट मैनेजर के अलावा बालू के खरीदार हैं. वहीं एसडीओ के वाहन को देखकर वाहन के चालक फरार हो गये. बाद में पुलिस को खबर दी गयी और पुलिस ने वाहनों को थाना पहुंचाया.
हाथीदह व मोकामा से आये थे खरीदार: एसडीओ ने जब छापामारी की तो वहां पर बिहार के नंबर की स्काॅर्पियो मिली. वहीं जो खरीदार पकड़े गये वे बिहार के हाथीदाह व मोकामा के थे. एसडीओ ने एक रजिस्टर भी बरामद किया, जिसमें बालू के उठाव का जिक्र है. रजिस्टर में ट्रकों के नंबर के अलावा कई लोगों के नाम का जिक्र है. रजिस्टर में कई ट्रकों को नंबर के सामने खगड़िया, दरभंगा के लोगों का नाम लिखा हुआ है. छापामारी के बाद एसडीओ ने सहायक खनन पदाधिकारी विभूति कुमार को सूचना दी और कार्रवाई करने का निर्देश दिया.
सुसंगत धाराओं के तहत होगी कार्रवाई : एसडीओ
एसडीओ विजया जाधव ने बताया कि सूचना मिली थि कि शंकरचक में उसरी नदी के किनारे से बालू का उठाव किया जा रहा है. छापामारी की गयी और बालू लदे ट्रक, खाली ट्रक, जेसीबी और बिहार के नंबर की स्काॅर्पियो को पकड़ा गया. इस दौरान पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिन्हें पुलिस को सौंप दिया गया है. कहा कि शंकरचक में बालू के उठाव का लीज नहीं है, इसके बावजूद अवैध तरीके से बालू का उठाव किया जा रहा था. ऐसे में सुसंगत धाराओं के तहत कार्रवाई करने का निर्देश एडीएमओ को दिया गया है.
