सेमेस्टर वन के खराब रिजल्ट में सुधार नहीं होने से छात्राओं में रोष है. मामले को लेकर छात्राओं ने सोमवार को हंगामा किया और प्राचार्य के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. छात्राओं का कहना है कि रिजल्ट में सुधार नहीं होने से काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है.
गिरिडीह : सोमवार को आरके महिला कॉलेज में छात्राओं ने जम कर हंगामा किया और प्राचार्य के खिलाफ जम कर नारेबाजी की. छात्राओं का आरोप है कि सेमेस्टर सिस्टम के तहत आंतरिक परीक्षा में प्रशासनिक अव्यवस्था के कारण काफी छात्राओं को अनुत्तीर्ण कर दिया गया.
छात्राओं का कहना है कि दो वर्ष बीत जाने के बावजूद रिजल्ट में सुधार नहीं होना चौंकनेवाला है. कॉलेज प्रशासन की चुप्पी का खामियाजा छात्राओं को भरना पड़ रहा है. कॉलेज प्रशासन के खिलाफ असंतोष व्यक्त करनेवाली काॅलेज छात्राओं में पूनम कुमारी, रानी परवीन, ज्योति कुमारी, रोशनी परवीन, रूखसाना परवीन, सुलेखा कुमारी, शिवानी कुमारी, शोभा कुमारी, अंकिता कुमारी, दीक्षा कुमारी, सोनल कुमारी, काजल सिन्हा, अदीति सिन्हा, निधि कुमारी प्रमुख हैं.
आवेदन लेने से प्राचार्य ने किया इंकार : सोमवार को आरके महिला कॉलेज में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के बैनर तले छात्राओं का एक शिष्टमंडल प्रभारी प्राचार्य डा. अशोक से मिलकर पुन: रिजल्ट प्रकाशन के संबंध में एक आवेदन देने पहुंचा था. छात्राओं ने आवेदन देना चाहा तो प्राचार्य भड़क उठे और छात्राओं को बाहर जाने को कहा. मीडिया कर्मियों को देखने के बाद प्राचार्य ने छात्राओं से कहा कि नेतागिरी करने की कोशिश मत करो. मीडिया वालों को लेकर कॉलेज में आती हो तो जहां जाना है जाकर कंप्लेन कर दो. कॉलेज में कुछ देर के लिए हंगामा हो गया. बाद में प्राचार्य ने छात्राओं का आवेदन स्वीकार कर लिया.
प्राचार्य ने कुछ भी बताने से किया इंकार : छात्राओं ने कहा कि एक सप्ताह में रिजल्ट नहीं सुधरा तो अभाविप के बैनर तले छात्राएं उग्र आंदोलन करेंगी. इस संबंध में कॉलेज के प्राचार्य डा. अशोक से जब बात करने का प्रयास किया गया तो उन्होंने कुछ भी बताने से इंकार कर दिया.
आवेदन देने गयीं छात्राओं में कॉलेज की पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष अंकिता कुमारी, सोनल कुमारी तर्वे, सृष्टि सिन्हा, निशा कुमारी, पूजा कुमारी, मौसमी कुमारी, नेहा प्रवीन आदि शामिल थीं.
न्याय नहीं मिला तो जायेंगे कोर्ट : अरविंद : मोहनपुर की पल्लवी कुमारी का कहना है कि सेमेस्टर वन के सभी पत्रों की परीक्षा देने के बावजूद उसे अनुपस्थित कर दिया गया.
इसलिए सेकेंड सेमेस्टर की परीक्षा से उसे वंचित कर दिया गया है. प्राचार्य ने परीक्षा में अनुपस्थित बता कर उसे फॉर्म नहीं भरने दिया. फॉर्म भरने की अंतिम तारीख 31 अक्तूबर को पल्लवी के भाई अरविंद पांडेय ने कॉलेज में जब प्राचार्य से उपस्थिति पंजी दिखाने को कहा तो वे भड़क उठे. प्राचार्य ने कहा कि आप यहां नेता बनने के लिए आये तो यहां से जाओ, नहीं तो पुलिस को बुलाकर गिरफ्तार करवा दूंगा. अरविंद ने कहा कि मैंने प्राचार्य से सिर्फ अपनी बहन की उपस्थिति पंजी को दिखाने की बात कही थी. उन्होंने कहा कि एक सप्ताह में उन्हें न्याय नहीं मिला तो वे हाइकोर्ट से न्याय की गुहार लगायेंगे.
कार्यशैली में सुधार लाये प्राचार्य : राजेश : माले नेता राजेश सिन्हा ने कहा कि आरके महिला कॉलेज के प्राचार्य अपनी कार्यशैली में सुधार लायें, नहीं तो माले के नेतृत्व में उग्र आंदोलन किया जायेगा. उन्होंने कहा कि आरके महिला कॉलेज की बीए सेमेस्टर वन की छात्रा पल्लवी कुमारी को कॉलेज प्रशासन की लापरवाही के कारण द्वितीय सेमेस्टर में नामांकन नहीं हो सका. उन्होंने कहा कि सेमेस्टर वन का रिजल्ट अगर एक सप्ताह के अंदर सुधार कर प्रकाशित नहीं किया गया तो माले के नेतृत्व में उग्र आंदोलन किया जायेगा.
