गिरिडीह : आजादी का जश्न मनाने अपने दोस्त के साथ झंडा मैदान जा रहे एक छात्र को एक ट्रक ने कुचल दिया. घटना में छात्र की मौत हो गयी. मृतक की पहचान मुफस्सिल थाना इलाके के गिरधरचक निवासी खूबलाल यादव के 15 वर्षीय पुत्र विकास कुमार यादव के रूप में की गयी. घटना की जानकारी मिलने के बाद मृतक के परिजन और गांव वाले पहुंचे और घटनास्थल पर सड़क जाम कर दिया.
धक्का मार कर शरीर पर चढ़ गया : मृतक विकास के चाचा प्रवीण कुमार बताया कि उसका भतीजा विकास न्यू गार्डेन हाई स्कूल पचंबा में कक्षा छह में पढ़ता था. मंगलवार को अपने स्कूल के कार्यक्रम के बाद वह अपने दोस्त के साथ साइकिल से झंडा मैदान जा रहा था.
इसी दौरान सुबह लगभग 7.30 बजे पचंबा की ओर से आ रहे एक ट्रक (जेएच 11 टी-5387) ने पीछे से साइकिल को धक्का मारा और विकास पर ट्रक चढ़ गया. पुलिस को दिये बयान में मृतक के चाचा प्रवीण ने कहा है कि घटना के बाद जब वह घटनास्थल पहुंचे तो पता चला कि ट्रक में खलासी नहीं था और ट्रक का मालिक भी काफी लापरवाही से वाहन चला रहा था. घटना के बाद ट्रक चला रहा वाहन का मालिक फरार हो गया. प्रवीण के बयान पर पुलिस ने ट्रक मालिक को भी अभियुक्त बनाया है.
चार घंटे जाम रही गिरिडीह-पचंबा सड़क
मृतक के परिजनों को मुआवजा देने व चालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर लोगों ने सुबह 7.45 बजे गिरिडीह-पचंबा सड़क को जाम कर दिया. आक्रोशित लोगों ने धक्का मारनेवाले ट्रक में तोड़-फोड़ भी की.
लोगों ने ट्रक में आग लगाने का प्रयास भी किया. इस बीच घटना की सूचना पर डीएसपी प्रमोद कुमार मिश्रा, पुलिस निरीक्षक रामनारायण चौधरी के साथ नगर थाना के कई पुलिस अधिकारी पहुंचे. पुलिस से नोकझोंक होती रही. बाद में एसडीओ नमिता कुमारी व सीओ धीरज ठाकुर पहुंचे और लोगों को समझाया. एसडीओ ने दूरभाष पर डीसी उमाशंकर सिंह से बात भी की और मृतक के परिजनों को मुख्यमंत्री राहत कोष से एक लाख की सहायत राशि देने का अाश्वासन दिया. इसके बाद लगभग 11.45 बजे जाम हटा.
