डोरंडा (धनवार) : धनवार थाना क्षेत्र के बल्हरा गांव में एक विवाहिता ने फांसी लगाकर मंगलवार को आत्महत्या कर ली. हालांकि मौत का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो सका है. मृतका की सास ने बताया कि घटना के दौरान पतोहू सरिता देवी घर में अकेली थी. वहीं वह मवेशियों को चराने के लिए जंगल गयी थी. उसका पुत्र जीवलाल प्रसाद वर्मा घर पहुंचा तो आवाज देने पर भी कमरा नहीं खुला. मामले की जानकारी अगल-बगल के लोगों के साथ-साथ मायके को भी दी गयी.
इसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गयी. मृतका का नैहर सरिया थाना अंतर्गत धवैया गांव में है. सूचना मिलने पर मृतका के पिता सहदेव महतो पहुंचे और घटना की जानकारी ली. धनवार थाना के एसआइ पुरुषोत्तम कुमार ने कहा कि मृतका के पिता द्वारा दिये गये आवेदन के आधार पर पुलिस ने यूडी केस दर्ज कर लिया है. और शव के अंत्यपरीक्षण के लिए गिरिडीह भेज दिया है.
