गिरिडीह : अमृत योजना के तहत गिरिडीह शहरी जलापूर्ति योजना के शिलान्यास समारोह में रविवार को 259.031 करोड़ की कुल 95 योजनाओं का उद्घाटन-शिलान्यास किया गया. इसमें 183.079 करोड़ की 19 योजनाओं का उद्घाटन और 75.952 करोड़ की 76 योजनाओं का शिलान्यास किया गया. मौसम की खराबी के कारण मुख्यमंत्री रघुवर दास के नहीं पहुंचने पर गिरिडीह विधायक निर्भय कुमार शाहाबादी ने रिमोट से उद्घाटन व शिलान्यास किया. हालांकि बाद में गिरिडीह सांसद रवींद्र कुमार पांडेय भी पहुंचे.
1000 सखी मंडल को एक-एक लाख
गांडेय विधायक प्रो जयप्रकाश वर्मा, जमुआ विधायक केदार हाजरा, बगोदर विधायक नागेंद्र महतो, डीसी उमाशंकर सिंह समेत कई लोगों की मौजूदगी में आयोजित इस समारोह में 1000 सखी मंडल को प्रति सखी मंडल एक-एक लाख रुपए की कुल 10 करोड़ की सहायता राशि दी गयी.
सखी मंडल की ओर से निर्मित पोशाकों का वितरण 50 छात्राओं के बीच किया गया. 13 कंप्यूटर ऑपरेटरों को नियुक्ति पत्र, पांच दिव्यांगों को ट्राइसाइकिल और पांच को ह्वील चेयर दिया गया़ समारोह में कुपोषण से मुक्ति के लिए जिला प्रशासन की ओर से ‘दुलार’ कार्यक्रम की शुरुआत की गयी. कार्यक्रम की अध्यक्षता विधायक निर्भय शाहाबादी ने की व धन्यवाद ज्ञापन डीडीसी किरण कुमारी पासी ने किया. सीएम के नहीं आने की सूचना के बाद मौके पर मौजूद भीड़ छंट गयी.
मौसम खराब, आधे रास्ते से लौटे सीएम
रांची : मौसम खराब होने की वजह से मुख्यमंत्री रघुवर दास को गिरिडीह दौरे का कार्यक्रम रद्द करना पड़ा. रविवार को दिन के 10.30 बजे मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर से गिरिडीह के लिए रवाना हुए. मौसम खराब होने की वजह से उन्हें बीच रास्ते से ही रांची लौटना पड़ा. मुख्यमंत्री को गिरिडीह में अमृत योजना के तहत शहरी जलापूर्ति योजना समेत 95 योजनाओं का शिलान्यास व उद्घाटन करना था.
