तिसरी : लोकाय नयनपुर थाना में पदस्थापित जवान सावन हांसदा(38) की मौत इंसास साफ करने के दौरान गोली चलने से हो गयी. वह 1999 बैच का था. घटना सोमवार सुबह 11.30 बजे की है. गोली उसके जबड़े में लगी और बैरक में ही उसकी मौत हो गयी.
गोली चलने की आवाज सुन कर आस-पास तैनात जवान तुरंत बैरक की ओर दौड़े, लेकिन तब तक वह दम तोड़ चुका था. सूचना पाकर लोकाय नयनपुर थाना प्रभारी पंकज कच्छप पहुंचे और शव को कब्जे में ले लिया. मृतक जवान पूर्वी सिंहभूम थाना घाटशिला ग्राम रामटिकारी गांव का रहने वाला था. घटना के संबंध में थाना प्रभारी श्री कच्छप ने बताया कि सावन 23 मई को छुट्टी लेकर अपने घर गया हुआ था और हाल में उसने थाने में योगदान दिया था.
बताया कि घर से वापस आने के बाद से ही वह काफी तनाव में रह रहा था. कई बार उससे पूछा भी गया कि कोई परेशानी है, लेकिन उसने किसी को कुछ भी नहीं बताया. थानेदार ने बताया कि इंसास साफ करने के दौरान गोली चली, जिससे उसकी मौत हो गयी.
मामले की सूचना पुलिस के वरीय अधिकारियों को दे दी गयी है. इधर घटना की सूचना मिलने के बाद एसडीपीओ मनीष टोप्पो लोकाय नयनपुर थाना पहुंचे. उन्होंने इस बाबत थाना प्रभारी और पुलिस कर्मियों से जानकारी ली. इधर खबर लिखे जाने तक जवान के परिजनों के आने का इंतजार किया जा रहा था.
