गोधर में डिवाइडर बना हादसों का केंद्र, मंगलवार को फिर चढ़ा मालवाहक वाहन, बाल-बाल बचा चालक

धनबाद-बोकारो मुख्य मार्ग पर गोधर के पास डिवाइडर बार-बार दुर्घटनाओं का कारण बन रहा है। मंगलवार को एक छोटा हाथी वाहन अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गया। स्थानीय लोगों ने सड़क सुरक्षा पर चिंता जताई है।

केंदुआ: धनबाद-बोकारो मुख्य मार्ग पर मंगलवार की देर शाम गोधर लहरा मंदिर के समीप एक छोटा हाथी मालवाहक वाहन अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गया. हादसे में चालक सुरक्षित बच गया. वाहन के डिवाइडर पर चढ़ने से तेज आवाज हुई, जिसके बाद सड़क किनारे रहने वाले लोग मौके पर पहुंचे और केंदुआडीह पुलिस को सूचना दी.

सूचना मिलते ही केंदुआडीह पुलिस की पेट्रोलिंग टीम घटनास्थल पर पहुंची. बताया गया कि मालवाहक वाहन लोडेड था और उस पर नंबर प्लेट नहीं लगी थी. हालांकि वाहन देखने में नया प्रतीत हो रहा था. स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने वाहन को डिवाइडर से नीचे उतरवाया और सड़क पर आवागमन सुचारू कराया.

हादसे के बाद पुलिस ने डिवाइडर पर नीले रंग का एक ड्रम रख दिया, ताकि वाहन चालकों को दूर से डिवाइडर नजर आ सके और दुर्घटना की आशंका कम हो.

लगातार हो रहे हादसों से बढ़ी चिंता

स्थानीय लोगों के अनुसार धनबाद-बोकारो मुख्य मार्ग पर गोधर के आसपास डिवाइडर की स्थिति हादसों का कारण बन रही है. कई जगह डिवाइडर अधूरे हैं और उन पर रेलिंग या पर्याप्त संकेतक नहीं लगे हैं. कम ऊंचाई वाले डिवाइडर रात के समय वाहन चालकों को आसानी से नजर नहीं आते, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर उनसे टकरा जाते हैं.

स्थानीय लोगों ने बताया कि रविवार को भी बोकारो की ओर से धनबाद स्टेशन जा रही मारुति सेलेरियो कार पुराना कुसुंडा एरिया ऑफिस के समीप डिवाइडर पर चढ़ गयी थी. इस घटना में एक बुजुर्ग घायल हुए थे. इसके बाद मंगलवार को छोटा हाथी के डिवाइडर पर चढ़ने की घटना ने सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर फिर सवाल खड़े कर दिये हैं.

लोगों का कहना है कि गोधर लहरा मंदिर के पास स्थित डिवाइडर हादसों का केंद्र बनता जा रहा है. बार-बार हो रही दुर्घटनाओं के बावजूद सड़क पर पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं होने से वाहन चालकों और स्थानीय लोगों में चिंता है. स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग से डिवाइडर को दुरुस्त कराने, रेलिंग और रिफ्लेक्टर लगाने तथा पर्याप्त संकेतक लगाने की मांग की है.

फिलहाल केंदुआडीह पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है. दुर्घटना के बाद मौके पर आवागमन को सामान्य करा दिया गया.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Ratnesh kumar mishra

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >