विशुनपुरा. थाना क्षेत्र के शारो गांव के मुड़ाअहरा निवासी हिरा कोरवा (25) की शनिवार को नाला में गिरकर डूबने से मौत हो गयी. उसके परिजनों ने बताया कि हीरा सुबह शौच के लिए घर से निकला था. काफी देर तक जब वह वापस घर नही लौटा तो परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की. इसी दौरान बकरी चराने गये कुछ ग्रामीणों ने देखा कि नाले में कोई गिरा हुआ है. पास जाकर देखने पर उसकी पहचान हीरा कोरवा के रूप में हुई. ग्रामीणों ने इसकी सूचना विशुनपुरा थाना को दी. सूचना पर एसआइ मिनतुल्लाह खान दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए गढ़वा सदर अस्पताल भेज दिया. पड़ोसियों ने बताया कि हीरा की पत्नी की दो साल पहले प्रसव के दौरान मौत हो गयी थी.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
