लघु सिंचाई प्रमंडल में जिलास्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन प्रतिनिधि, गढ़वा भारत सरकार के जल शक्ति मंत्रालय, जल संसाधन, नदी विकास व गंगा संरक्षण विभाग के निर्देशानुसार शनिवार को टाउन हॉल में लघु सिंचाई प्रमंडल की ओर से जिलास्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम की अध्यक्षता उप विकास आयुक्त (डीडीसी) पशुपतिनाथ मिश्रा ने की. इस अवसर पर डीडीसी ने कहा कि सभी कर्मी प्रशिक्षण में दी जा रही जानकारी को गंभीरता से प्राप्त करें और उसका सदुपयोग अपने कार्यों में करें, ताकि विभागीय लक्ष्यों की पूर्ति प्रभावी ढंग से हो सके. उन्होंने कहा कि सटीक और समयबद्ध गणना कार्य से योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन में सहायता मिलेगी. कार्यक्रम में सदर एसडीएम संजय कुमार ने भी प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रशिक्षण के माध्यम से कर्मियों को तकनीकी जानकारी प्राप्त हो रही है, जिसका उपयोग वे फील्ड में करें. प्रशिक्षण के दौरान सप्तम लघु सिंचाई गणना, द्वितीय जल निकायों की गणना एवं झरनों की प्रथम गणना के बारे में विस्तार से जानकारी दी गयी. बताया गया कि यह गणना कार्य मोबाइल ऐप wrcensus.mowr.gov.in के माध्यम से किया जायेगा. प्रखंडों से पहुंचे प्रगणकों को ऐप के उपयोग की प्रक्रिया और गणना से जुड़ी सभी तकनीकी जानकारी प्रदान की गयी. कार्यक्रम में लघु सिंचाई प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता इंजीनियर डेविड तिर्की, सहायक अभियंता अनिल कुमार, जीतेंद्र कुमार, गोपाल सिंह, जीतेंद्र कुमार पांडेय, कनिष्ठ अभियंता राजेन्द्र कुमार, राहुल कुमार, करूणापति त्रिपाठी, पंकज कुमार बैठा, पंकज कुमार मेहता, प्रमंडलीय लेखा पदाधिकारी सौरभ सुमन, सहायक विनय कुमार, संतोष कुमार गुप्ता, बाल्मिकी सिंह सहित अन्य कर्मी उपस्थित थे. इस मौके पर जिले के सभी प्रखंडों से राजस्व उपनिरीक्षक, पंचायत सेवक, रोजगार सेवक सहित अन्य कर्मियों ने प्रशिक्षण प्राप्त किया. कार्यपालक अभियंता डेविड तिर्की ने कहा कि सभी कर्मी प्रशिक्षण से प्राप्त जानकारी का उपयोग करते हुए गणना कार्य को सही और सकारात्मक रूप से पूरा करें.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
