Garhwa News: लोन दिलाने के नाम पर महिलाओं से लाखों की ठगी, कंपनी कार्यालय में हंगामा

भवनाथपुर में लोन दिलाने के नाम पर उज्जवल कैपिटल प्राइवेट लिमिटेड कंपनी द्वारा महिलाओं से लाखों की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित महिलाओं ने जमकर हंगामा किया।

भवनाथपुर,गढ़वा: भवनाथपुर और केतार प्रखंड में महिलाओं को लोन दिलाने के नाम पर उज्जवल कैपिटल प्राइवेट लिमिटेड नामक कंपनी द्वारा कथित रूप से लाखों रुपये की ठगी किये जाने का मामला सामने आया है. ठगी का आरोप लगाते हुए बुधवार को बड़ी संख्या में महिलाएं कंपनी के कार्यालय पहुंचीं और हंगामा किया. महिलाओं ने कंपनी के कर्मियों से जमा राशि वापस करने और लोन से पहले उपलब्ध कराने की बात कही गयी सामान देने की मांग की.

सिघिताली की रजमतिया देवी से 6300 रुपये, लालो देवी से 4 हजार, लालती देवी से 4 हजार, मिला देवी से 4 हजार, बिमला देवी से 4 हजार, कांति देवी से 4 हजार, आरती देवी से 6300, केतार की नुरेशा बानो से 4 हजार, तबसुन आरा से 5500 और गीता देवी से 6300 रुपये लिये गये. वहीं लोहरगाड़ा की कौशल्या देवी, झगराखांड के धर्मेंद्र कुमार से 7 हजार और विजय राम से 4600 रुपये लिये गये. आरोप है कि सैकड़ों महिलाओं से लोन देने से पहले सिलाई मशीन, कूलर, फ्रिज, मिक्सी मशीन आदि देने के नाम पर पैसे लिये गये.

सामान नहीं मिलने पर कंपनी कार्यालय पहुंचीं महिलाएं

बुधवार को सामान देने की बात कही गयी थी, लेकिन सामान नहीं मिलने पर महिलाएं एकजुट होकर कर्पूरी चौक के समीप स्थित कंपनी के कार्यालय पहुंचीं. महिलाओं ने अपनी रकम वापस करने की मांग को लेकर हंगामा किया. इस दौरान काफी देर तक मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही. महिलाओं ने पूरे मामले की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की.

हंगामे की सूचना मिलने पर थाना प्रभारी रंजनी रंजन कंपनी के राहुल कुमार और रणबीर सिंह नामक दो लोगों को थाना ले गयीं. पूछताछ के बाद दोनों को छोड़ दिया गया.

बुधवार शाम थाना से छूटने के बाद कंपनी के कथित कर्मी राहुल कुमार और रणबीर सिंह कार्यालय बंद कर भाग गये.

गुरुवार को थाने में महिलाओं ने की कार्रवाई की मांग

थाना प्रभारी रंजनी रंजन ने बताया कि बुधवार को दोनों व्यक्तियों को थाना लाया गया था, लेकिन किसी ने दोनों के विरुद्ध आवेदन नहीं दिया था. इसलिए उन्हें छोड़ दिया गया था. गुरुवार को आवेदन प्राप्त हुआ है. राहुल कुमार और रणबीर सिंह के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की जायेगी.

गुरुवार को भी महिलाएं कार्रवाई की मांग को लेकर थाना में बैठी हुई थीं.

ऐसे महिलाओं को लोन का दिया गया झांसा

कर्पूरी चौक के समीप चपरी के दशरथ साह के मकान में राहुल कुमार और रणबीर सिंह ने कंपनी का कार्यालय खोलने के लिए मकान किराये पर लिया था. इसके बाद भवनाथपुर और केतार प्रखंड के विभिन्न गांवों में घूम-घूमकर महिलाओं को 60 हजार रुपये लोन देने की जानकारी दी गयी.

महिलाओं से कहा गया कि सभी को समूह बनाना होगा, तभी लोन मिलेगा. साथ ही बताया गया कि लोन लेने से पहले कंपनी की ओर से सामान दिया जायेगा, जिसके बदले सामान के अनुसार तय राशि नकद देनी होगी. महिलाओं का आरोप है कि कंपनी कर्मियों की बातों में आकर उन्होंने नकद राशि दे दी.

बुधवार को सामान देने की बात कही गयी थी, लेकिन सामान नहीं मिलने पर महिलाएं कंपनी के कार्यालय पहुंचीं और अपनी रकम वापस करने की मांग की.

ठगी की शिकार हुई महिलाएं | Prabhat Khabar Network
ठगी की शिकार हुई महिलाएं | Prabhat Khabar Network


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >