गढ़वा से प्रभाष मिश्रा की रिपोर्ट
Garhwa News: झारखंड के गढ़वा थाना क्षेत्र के हरैया नहर के पास रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवती गंभीर रूप से घायल हो गई. घायल युवती की पहचान मझिआंव गांव निवासी संतोष बिंद की बेटी सोनी कुमारी के रूप में हुई है. हादसे के बाद स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से उसे तत्काल गढ़वा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है.
बहन के घर आई थी युवती
घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, सोनी कुमारी हरैया गांव स्थित अपनी बहन के घर आई हुई थी. वह घर में खड़ी अपने जीजा की स्कूटी निकाल कर उसे चलाने की कोशिश कर रही थी. स्कूटी चलाना सीखने के दौरान में वह हरैया नहर के पास पहुंची थी, तभी विपरीत दिशा से आ रहे एक तेज रफ्तार टेंपो (ऑटो) ने उसे जोरदार टक्कर मार दी.
मौके पर पहुंचे परिजन
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सोनी स्कूटी समेत सड़क पर दूर जा गिरी. इस हादसे में उसके सिर पर गंभीर चोटें आई हैं, जिससे वह लहूलुहान होकर बेहोश हो गई. घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और उसे घायल अवस्था में उठाकर सदर अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उसका इलाज चल रहा है. परिजनों ने बताया कि वह केवल स्कूटी चलाने की प्रैक्टिस कर रही थी और उन्हें अंदाजा नहीं था कि इस तरह की अनहोनी हो जाएगी.
पुलिस को दी गई सूचना
घटना की जानकारी पुलिस को दे दी गई है.
यह भी पढ़ें: संकट में रांची का HEC: वेतन बकाया और नए वर्क ऑर्डर न मिलने से बिगड़े हालात, बड़े अधिकारियों ने भी छोड़ा साथ
यह भी पढ़ें: झारखंड हाईकोर्ट की चेतावनी: सेवानिवृत्त कर्मियों को पेंशन न मिली तो रूकेगा नगर विकास सचिव का वेतन
