गढ़वा : इलाज के दौरान महिला की मौत, ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप

गढ़वा में सात माह की गर्भवती ममता कुमारी की मौत के बाद ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगे हैं। पिता ने मारपीट और प्रताड़ना का लगाया आरोप, पुलिस जांच कर रही है।

गढ़वा. मझिआंव थाना क्षेत्र के रानी ताली गांव निवासी विजय भुईयां की पत्नी ममता कुमारी (25) की मंगलवार को गढ़वा सदर अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गयी. मृतका के पिता मेराल थाना क्षेत्र के पिंडरा गांव निवासी मुन्ना भुईयां ने ससुराल पक्ष के लोगों पर उनकी पुत्री के साथ लगातार मारपीट और प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है. घटना के संबंध में मुन्ना भुईयां ने बताया कि वर्ष 2020 में उनकी पुत्री ममता कुमारी की शादी विजय भुईयां के साथ हुई थी.

शादी के करीब दो महीने बाद से ही सास, ससुर, देवर और पति द्वारा ममता के साथ मारपीट किये जाने का आरोप है. उन्होंने बताया कि इस मामले को लेकर गांव के मुखिया की मौजूदगी में करीब चार बार पंचायत भी हुई थी. पंचायत के दौरान लिखित रूप से यह समझौता कराया गया था कि भविष्य में ममता के साथ मारपीट या दुर्व्यवहार नहीं किया जायेगा. इसके बावजूद उसके साथ कथित तौर पर मारपीट का सिलसिला जारी रहा.

पति और ससुराल के लोगों ने की थी मारपीट

मृतका के पिता के अनुसार, करीब चार दिन पूर्व सात माह की गर्भवती ममता कुमारी के साथ उसके पति और ससुराल के अन्य लोगों ने कथित रूप से मारपीट की. मारपीट के बाद उसकी स्थिति गंभीर हो गई.घटना की जानकारी मिलने पर परिजनों ने उसे इलाज के लिए गढ़वा सदर अस्पताल में भर्ती कराया. यहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया. इसके बाद परिजन ममता को एक निजी क्लीनिक में लेकर गये, जहां उसने मृत बच्चे को जन्म दिया. इसके बाद उसके पिता ममता को अपने घर ले गये. घर पहुंचने के बाद उसकी तबीयत दोबारा बिगड़ गयी.

गंभीर स्थिति को देखते हुए परिजनों ने सोमवार की देर रात उसे फिर से गढ़वा सदर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान मंगलवार को उसकी मौत हो गयी. ममता की मौत की सूचना मिलने के बाद पुलिस गढ़वा सदर अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया.इधर, पुलिस मामले की छानबीन कर रही है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >