रमकंडा से मुकेश तिवारी की रिपोर्ट
Garhwa News: झारखंड के गढ़वा जिले के रमकंडा-भंडरिया मुख्य मार्ग पर सेमरटॉड के पास बुधवार के रात चना दाल से लदा एक ट्रक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया. घटना के बाद कुछ देर के लिए इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. स्थानीय लोग मौके पर जुट गए और राहत-बचाव में सहयोग करने लगे.
मौके पर पहुंची पुलिस, जांच शुरू
घटना की सूचना मिलते ही रमकंडा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची. थाना प्रभारी मुकेश कुमार के निर्देश पर एएसआई सुरेंद्र कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने स्थिति का जायजा लिया. उनके साथ चौकीदार मुन्ना पासवान, कृष्णा पासवान सहित अन्य जवान भी मौजूद थे. पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित करते हुए आसपास के लोगों से पूछताछ की और दुर्घटना के कारणों का पता लगाने में जुट गई.
रायपुर से मेदिनीनगर जा रहा था ट्रक
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह ट्रक छत्तीसगढ़ के रायपुर से मुख्यमंत्री दाल वितरण योजना के तहत 650 बोरा चना दाल लेकर मेदिनीनगर स्थित एफसीआई गोदाम जा रहा था. वहां से उक्त दाल का वितरण पलामू जिले के राशन लाभुकों के बीच किया जाना था, लेकिन सेमरटॉड के पास अचानक ट्रक अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे दुर्घटनाग्रस्त हो गया.
सड़क पर बिखरे दाल के बोरे
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना के समय तेज आवाज सुनाई दी, जिसके बाद लोग घटनास्थल की ओर दौड़े. हालांकि, हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन ट्रक को काफी नुकसान पहुंचा है और दाल के बोरे सड़क किनारे बिखर गए. दुर्घटना के बाद ट्रक चालक मौके से लापता बताया जा रहा है. चालक के संबंध में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी है. पुलिस उसकी तलाश में जुट गई है और आसपास के इलाकों में छानबीन की जा रही है. पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में वाहन के अनियंत्रित होने की वजह स्पष्ट हो रही है. हालांकि तकनीकी खराबी, चालक की लापरवाही या सड़क की स्थिति को लेकर भी जांच की जा रही है. फिलहाल पुलिस ने ट्रक को सड़क से हटाने और यातायात व्यवस्था को सामान्य करने की दिशा में आवश्यक कदम उठाए हैं. इस घटना से कुछ समय के लिए मार्ग पर आवागमन प्रभावित रहा, जिसे बाद में सामान्य कर दिया गया.
इसे भी पढ़ें: नोवामुंडी में बंगाली समुदाय ने धूमधाम से मनाया पोइला वैशाख, परंपरा और संस्कृति की दिखी झलक
इसे भी पढ़ें: कमला नेहरू कॉलेज में ‘प्रभात खबर’ का नशा मुक्ति अभियान, विद्यार्थियों ने लिया आजीवन नशा न करने का संकल्प
