प्रतिनिधि गढ़वा दीपावली और छठ जैसे प्रमुख पर्वों को देखते हुए गढ़वा शहर और टंडवा को जोड़ने वाले दानरो नदी पर स्थित पीपा पुल की मरम्मत कर स्टूडेंट क्लब के सदस्यों ने पुनः चालू कर दिया है. इस पुल के शुरू हो जाने से टंडवा व आसपास के ग्रामीणों को शहर आने-जाने में अब पहले की तुलना में कम दूरी तय करनी पड़ेगी और यातायात में सुविधा होगी. क्लब के संरक्षक विनोद जायसवाल ने बताया कि हर वर्ष बरसात के बाद नदी के तेज बहाव से पुल को नुकसान पहुंचता है, लेकिन दीपावली और छठ पर्व के पहले इसे दुरुस्त कर लोगों की आवाजाही सुचारू बना दी जाती है. उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 में पहली बार इस पीपा पुल का निर्माण किया गया था, जिसके बाद से लगातार हर वर्ष बरसात के मौसम के बाद मरम्मत कार्य कराया जाता रहा है. उन्होंने कहा कि इस पुल से टंडवा के लोगों को काफी राहत मिलती है. स्थानीय लोगों ने क्लब के इस सामाजिक कार्य की सराहना करते हुए कहा कि हर साल पर्वों के समय क्लब द्वारा की जाने वाली यह पहल आम जनता के लिए बहुत उपयोगी सिद्ध होती है. पुल की मरम्मत और घाट सफाई के इस कार्य में क्लब के कई सदस्य मौजूद रहे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
