संदेहास्पद स्थिति नवविवाहिता की मौत, मृतका को छोड़ भागे ससुराल वाले

गढ़वा जिला मुख्यालय स्थित मझिआंव बाजार की रहने वाली 26 वर्षीय प्रिया कुमारी की रविवार की रात इलाज के दौरान संदेहास्पद परिस्थिति में मौत हो गयी

प्रतिनिधि, गढ़वा. गढ़वा जिला मुख्यालय स्थित मझिआंव बाजार की रहने वाली 26 वर्षीय प्रिया कुमारी की रविवार की रात इलाज के दौरान संदेहास्पद परिस्थिति में मौत हो गयी. मृतका के मायकेवालों ने आरोप लगाया है कि दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुरालवालों ने उसे बुरी तरह पीटा और जहर दे दिया. गंभीर स्थिति में उसे चिनिया रोड स्थित परमेश्वरी मेडिकल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी. इलाज के बाद प्रिया को अस्पताल में छोड़कर ससुराल पक्ष के लोग फरार हो गये. प्रिया की शादी 26 अप्रैल 2024 को एसएसबी जवान संजीव कुमार सिंह से हुई थी. शादी में सामर्थ्य के अनुसार दहेज भी दिया गया था, लेकिन ससुराल पक्ष क्रेटा गाड़ी की मांग कर रहा था. जब यह मांग पूरी नहीं हुई, तो लगातार प्रिया को प्रताड़ित किया जाने लगा.

अंतिम कॉल: मां… मां… कहकर फोन काट दिया

रविवार को दोपहर करीब दो बजे प्रिया ने चोरी-छिपे मायके में फोन कर बताया था कि उसके साथ मारपीट हो रही है. किचन में ताला लगा दिया गया है और वह भूखी-प्यासी है. परिजनों को लगा कि शायद वह गुस्से में है, लेकिन रात करीब साढ़े आठ बजे उसने दो बार “मां… मां… ” कहा और फोन कट गया. कुछ ही देर बाद किसी अन्य व्यक्ति ने फोन कर बताया कि उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है. जब परिजन अस्पताल पहुंचे, तब तक प्रिया की मौत हो चुकी थी और ससुरालवाले फरार थे.

सड़क जाम कर किया विरोध, आश्वासन के बाद हटे परिजन

घटना से आक्रोशित प्रिया के परिजनों ने सोमवार को परमेश्वरी मेडिकल के पास सड़क जाम कर दिया और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की. पुलिस के आश्वासन पर जाम हटाया गया. शव का अंत्यपरीक्षण सोमवार को करवाया गया और इसके बाद शव को परिजनों को सौंप दिया गया. ससुराल पक्ष का कोई भी सदस्य अस्पताल या पोस्टमार्टम में मौजूद नहीं था.

ससुरालवालों पर हत्या की नामजद प्राथमिकी

इस मामले में प्रिया के पति संजीव कुमार सिंह, भैसुर पंकज सिंह, ननद, नंदोई दीपू सिंह, ओम प्रकाश सिंह, गौतनी अंजली देवी, ससुर सुदामा सिंह और चाचा ससुर विनय सिंह के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है. थाना प्रभारी बृज कुमार ने बताया कि परिजनों के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस जांच में जुटी है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Deepak

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >