शिक्षकों की गर्मी की छुट्टी होगी रद्द, जिले के घरों की करेंगे गिनती

जनगणना कार्य के तहत पहले चरण में एक जून से 30 जून तक किये जायेंगे हाउस होल्ड सर्वे

जनगणना कार्य के तहत पहले चरण में एक जून से 30 जून तक किये जायेंगे हाउस होल्ड सर्वे पीयूष तिवारी, गढ़वा गढ़वा जिले के सरकारी शिक्षकों की इस बार गर्मी की छुट्टी रद्द कर दी जायेगी. जनगणना कार्य के तहत जून महीने में मध्य विद्यालय और उच्च विद्यालय के शिक्षकों को घरों की गिनती के काम में लगाया जायेगा. निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 1 जून से 30 जून तक जिले के सभी घरों की गणना की जायेगी. इसके बाद मुख्य जनगणना का कार्य वर्ष 2027 में कराया जायेगा. जिले में घरों की गिनती के लिए कुल 3046 शिक्षकों की ड्यूटी लगायी जायेगी. इसमें उच्च विद्यालय के 436 शिक्षकों को पर्यवेक्षक और मध्य विद्यालय के 2610 शिक्षकों को प्रगणक बनाया जायेगा, जिसमें 10 प्रतिशत रिजर्व भी शामिल रहेगा. जिन स्कूलों में केवल एक ही सरकारी शिक्षक हैं, वहां प्रखंड विकास पदाधिकारी की सहमति से पारा शिक्षक या अन्य प्रखंड स्तरीय कर्मियों की भी ड्यूटी लगायी जा सकेगी. इससे पहले 8 अप्रैल से 13 अप्रैल तक 46 फील्ड ट्रेनरों को प्रशिक्षण दिया जायेगा. ये प्रशिक्षित फील्ड ट्रेनर आगे पर्यवेक्षकों और प्रगणकों को ट्रेनिंग देंगे. गढ़वा जिले के 20 प्रखंडों के साथ तीन शहरी क्षेत्र गढ़वा, मझिआंव और श्रीवंशीधर नगर में भी अलग से गणना की जायेगी. चावल खाते या रोटी, यह भी बताना होगा जनगणना के तहत 1 जून से शुरू होने वाले हाउसहोल्ड सर्वे में मकान मालिक से 34 प्रकार के सवाल पूछे जायेंगे. यह पूरा सर्वे ऑनलाइन किया जायेगा. सर्वे के दौरान अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के घरों की अलग पहचान की जायेगी, जबकि अन्य को सामान्य श्रेणी में रखा जायेगा. सर्वे में पेयजल, शौचालय, बिजली, गंदे पानी के निकास, स्नानघर, रसोई और एलपीजी कनेक्शन जैसी सुविधाओं की जानकारी ली जायेगी. इसके साथ ही रेडियो, टीवी, इंटरनेट, लैपटॉप, कंप्यूटर, मोबाइल, साइकिल, स्कूटर, मोटरसाइकिल, कार और जीप जैसी सुविधाओं के बारे में भी पूछा जायेगा. परिवार के लोगों द्वारा खाये जाने वाले मुख्य अनाज जैसे चावल, गेहूं, ज्वार, बाजरा, मक्का आदि की जानकारी भी दर्ज की जायेगी. 2011 की जनगणना में जिले में 2,53,911 घर थे साल 2011 की जनगणना के अनुसार गढ़वा जिले में 2,53,911 घर थे. उस समय 888 गांव चिरागी और 44 गांव बेचिरागी थे. बीते वर्षों में अब बेचिरागी गांवों में भी घर बन गये हैं और शहरी क्षेत्रों का भी विस्तार हुआ है. वर्ष 2011 की जनगणना के अनुसार जिले की कुल आबादी 13,22,784 थी, जिसमें अनुसूचित जाति की संख्या 3,19,946 और अनुसूचित जनजाति की संख्या 2,05,874 थी.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Akarsh aniket

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
Tags
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >