रमकंडा: प्रखंड के रकसी गांव स्थित पीएम श्री मध्य विद्यालय रक्सी में आयोजित दो दिवसीय खेल एवं सांस्कृतिक महोत्सव का समापन शुक्रवार को हुआ. इस आयोजन से विद्यालय परिसर उत्सव स्थल में बदल गया, जहां बच्चों की प्रतिभा, ऊर्जा और अनुशासन ने सभी को प्रभावित किया. पहले दिन खेल प्रतियोगिताओं में छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया. 100 मीटर और 200 मीटर दौड़, कुर्सी रेस, मेंढ़क दौड़, बोरा दौड़, ऊंची कूद, लंबी कूद और गोला फेंक जैसी प्रतियोगिताओं में बच्चों ने शानदार प्रदर्शन किया. दूसरे दिन सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित हुआ, जिसमें बच्चों ने रंगोली, पेंटिंग, गीत और नृत्य की आकर्षक प्रस्तुतियां दीं. बच्चों का आत्मविश्वास और प्रस्तुति सभी को पसंद आयी. समापन समारोह में विजेता और उपविजेता प्रतिभागियों को अतिथियों ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया. मुख्य अतिथियों ने कहा कि खेलकूद से बच्चों का शारीरिक और मानसिक विकास होता है और उनमें नेतृत्व क्षमता भी बढ़ती है. विद्यालय के प्रधानाध्यापक प्रभा शंकर ने कहा कि स्कूल का उद्देश्य केवल पढ़ाई तक सीमित नहीं है, बल्कि बच्चों के सर्वांगीण विकास पर भी ध्यान देना है. उन्होंने बच्चों को पढ़ाई के साथ खेलकूद में भी आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया. इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष राजनाथ यादव, संजय यादव, नागवंती देवी, सीआरपी सुधीर सिंह सहित कई लोग उपस्थित थे. शिक्षक-शिक्षिकाओं में पुष्पा केशरी, पूनम केशरी, सुरेंद्र राम, अजीत सिंह, शेख अंजार और अमरनाथ केशरी सहित अन्य का योगदान रहा. कार्यक्रम के अंत में कक्षा 8 के विद्यार्थियों को विदाई दी गई फूलस्टॉप पूरे आयोजन में उत्साह, अनुशासन और प्रतिभा का सुंदर संगम देखने को मिला.
खेल और सांस्कृतिक गतिविधियां बच्चों के विकास के लिए जरूरीः प्रधानाध्यापक
खेल और सांस्कृतिक गतिविधियां बच्चों के विकास के लिए जरूरीः प्रधानाध्यापक
