अनूप कुमार की रिपोर्ट धुरकी (गढ़वा). धुरकी थाना क्षेत्र के पुतूर गांव में सर्पदंश से 25 वर्षीय युवक श्रीराम बैठा की मौत हो गई. मृतक पिता स्व. रामधारी बैठा का पुत्र था.
सोते वक्त सांप ने दो बार डसा
जानकारी के अनुसार, श्रीराम मंगलवार की रात भोजन करने के बाद मच्छरदानी लगाकर अपने पलंग पर सो रहा था. इसी दौरान करैत सांप ने उसे दो बार डस लिया. पहली बार सांप के डसने का अहसास नहीं होने पर उन्होंने बिस्तर झाड़कर दोबारा सोने की कोशिश की. कुछ देर बाद सांप ने उसे दूसरी बार डस लिया.
ये भी पढ़ें: संगठित अपराध के नेटवर्क पर गढ़वा पुलिस की नजर, तैयार हो रही गिरोह से जुड़े चेहरों की कुंडली
इलाज कराने के बजाय झाड़-फूंक में लग गये परिजन
इसके बाद उसने शोर मचाया, आवाज सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे तो बिस्तर पर करैत सांप लिपटा हुआ मिला. परिजन तत्काल इलाज कराने के बजाय झाड़-फूंक में लग गये. जब युवक की हालत गंभीर होने लगी तो उसे श्री वंशीधर अस्पताल ले जाया गया. वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे गढ़वा रेफर कर दिया. हालांकि गढ़वा पहुंचने से पहले ही रास्ते में उसकी मौत हो गयी. अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. बताया गया कि श्रीराम बैठा की शादी करीब चार वर्ष पहले हुई थी, लेकिन उनकी कोई संतान नहीं थी. घटना के समय उसकी पत्नी मायके में थी.
