एसडीओ ने दो डीजे वाहन पकड़े, डीजे सेट सील

एसडीओ ने दो डीजे वाहन पकड़े, डीजे सेट सील

गढ़वा.

शुक्रवार को अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार ने अपने क्षेत्र भ्रमण के दौरान मेराल तथा गढ़वा प्रखंड में दो डीजे वाहनों को पकड़ा. डंडई मेराल मार्ग पर हरदाग मोड़ के पास उन्होंने एक डीजे बजते देखा, तो रोक कर पूछने पर पता चला कि उसे पेशका में किसी बारात में शामिल होने ले जाया जा रहा है. जब डीजे मालिक से डीजे प्रतिबंध की बात बतायी गयी, तब डीजे संचालक ने कुतर्क दिया कि आजकल हर बारात में बज रहा है, तो मैं क्यूं नहीं बजाऊं. इस पर एसडीओ ने डीजे संचालक को न्यायिक आदेश के बारे में विस्तार से बताया, साथ ही उसके डीजे को उतरवाकर उसी की दुकान में ले जाकर सील करवा दिया. तदुपरांत भविष्य में प्रतिबंधित डीजे नहीं बजाने के संदर्भ में लिखित अंडरटेकिंग लेकर संचालक को ही चाबी सौंप दी. कहा कि बिना उनकी लिखित आदेश के उक्त ताला नहीं खोलेंगे.

डीजे सेट उतरवाकर सील किया : इसी प्रकार गढ़वा प्रखंड के झलुआ के निकट एक डीजे वाहन से डीजे सेट उतरवाकर डीजे संचालक के इस लिखित जिम्मेनामा में उसकी ही दुकान में सील करवा दिया गया कि वह भविष्य में प्रतिबंधित डीजे का उपयोग नहीं करेंगे. डीजे संचालक ने बताया कि उक्त डीजे कल्याणपुर में किसी विनोद गुरुजी के यहां बारात में बजाने के लिए जा रहा था. दोनों संचालकों को स्पष्ट कर दिया गया कि यदि पुनरावृत्ति हुई, तो उन पर प्राथमिकी दर्ज करने के साथ-साथ वाहन भी जब्त कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया जायेगा.

इतने प्रचार-प्रसार के बावजूद लोग बाज नहीं आ रहे : एसडीओ संजय कुमार ने कहा कि आश्चर्य की बात है कि डीजे प्रतिबंध को लेकर प्रशासनिक कड़ाई एवं इतनी जागरूकता के बावजूद लोग अभी भी डीजे बजाने से बाज नहीं आ रहे हैं. उन्होंने कहा कि न्यायालय के आदेशानुसार किसी भी रूप में प्रतिबंधित डीजे का प्रयोग वर्जित है. इसलिए बारात, जुलूस आदि में डीजे का प्रयोग न करें अन्यथा डीजे जब्त हो सकते हैं, साथ ही डीजे बुक करने वालों पर भी कार्रवाई हो सकती है.

उच्च ध्वनि तीव्रता वाले डीजे खतरनाक : एसडीओ ने कहा कि उच्च ध्वनि तीव्रता वाले डीजे न केवल स्वास्थ्य के दृष्टिकोण से खतरनाक हैं बल्कि कई बार कानून व्यवस्था की परेशानी और झगड़ा-फसाद का भी कारण बनते हैं. बारात में अक्सर देखने को मिलता है कि शराब पीकर डीजे पर डांस करने के दौरान बाराती आपस में भी भिड़ जाते हैं.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sanjay

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >