सेल आवास खाली कराने के दबाव से सैकड़ों परिवार परेशान, पूर्व विधायक ने दी आंदोलन की चेतावनी

भवनाथपुर सेल आवास खाली कराने के दबाव से सैकड़ों परिवार परेशान हैं। पूर्व विधायक भानु प्रताप शाही ने प्रबंधन को उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।

भवनाथपुर. सेल प्रबंधन के आवासीय परिसर में वर्षों से रह रहे सैकड़ों परिवार इन दिनों आवास खाली कराने के कथित दबाव से परेशान हैं. आवास में रह रहे लोगों का आरोप है कि पिछले करीब पांच माह से सेल प्रबंधन द्वारा लगातार आवास खाली करने की चेतावनी दी जा रही है. इससे आवासीय परिसर में रहने वाले परिवारों के बीच असमंजस और चिंता की स्थिति बनी हुई है.

काट दी गई थी बिजली

आवास खाली कराने के दबाव के बीच फरवरी माह के अंतिम सप्ताह में संबंधित आवासों की बिजली आपूर्ति भी काट दी गई थी. इसके विरोध में एक मार्च को आवास में रह रहे सैकड़ों महिलाओं, बच्चों और पुरुषों ने उग्र आंदोलन करते हुए डीजीएम आवास का घेराव किया था. मामला गहराने पर वर्तमान विधायक अनंत प्रताप देव ने विधानसभा सत्र के दौरान टाउनशिप आवासीय परिसर की बिजली काटे जाने का मुद्दा उठाते हुए विधानसभा अध्यक्ष से हस्तक्षेप की मांग की थी, जिसके बाद बिजली बहाल कर दी गई थी. तब बिजली आपूर्ति बहाल होने से लोगों ने राहत की सांस ली, लेकिन आवास खाली कराने का मुद्दा अब भी जस का तस बना हुआ है.

936 में से 618 आवासों पर अवैध कब्जे का दावा

सेल प्रबंधन के अनुसार टाउनशिप आवासीय परिसर में कुल 936 आवास हैं, जिनमें से 618 आवासों पर अवैध रूप से कब्जा कर लिया गया है. प्रबंधन बार-बार अनुमंडल कार्यालय, अंचल कार्यालय और स्थानीय थाने में आवेदन देकर लोगों को हटाने की कार्रवाई कर रहा है, जिससे आम जनता में भय का माहौल है.

ये भी पढ़ें: कीचड़ और गड्ढों में तब्दील पंडरिया की सड़क, 500 परिवारों की आवाज सुनने वाला कोई नहीं

मरम्मत और देखभाल कर रहे हैं

दूसरी ओर, निवासियों का कहना है कि वे वर्षों से इन मकानों में रहकर इनकी मरम्मत और देखभाल कर रहे हैं, जिससे ये सुरक्षित हैं. लोगों ने उदाहरण देते हुए बताया कि पूर्व में सेल प्रबंधन ने पूरब दिशा में झाड़ियों को साफ कराकर 100 से अधिक नए आवास बनवाए थे, लेकिन देखरेख के अभाव में आज वहां एक ईंट भी नहीं बची और फिर से जंगल उग आया है.

भानु प्रताप शाही ने दी आंदोलन की चेतावनी

मामले को लेकर पूर्व विधायक सह भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष भानु प्रताप शाही ने सेल प्रबंधन को स्पष्ट चेतावनी दी है. कहा कि चार माह पूर्व उन्होंने धनबाद सांसद ढुल्लू महतो के साथ बोकारो में सेल ईडी से मुलाकात कर टाउनशिप में रह रहे लोगों को यथावत रहने देने और बिजली-पानी मुहैया कराने का आग्रह किया था. जिस पर ईडी ने सकारात्मक आश्वासन दिया था. इसके बावजूद स्थानीय प्रबंधन लोगों को प्रताड़ित कर रहा है.

ये भी पढ़ें: छात्र आंदोलन की आंच में सुलग रही गढ़वा की सियासत: सोशल मीडिया पर भिड़े पूर्व व वर्तमान विधायक

पूर्वजों की दी हुई जमीन

भानु प्रताप शाही ने कहा कि हमारे पूर्वजों की दी हुई जमीन पर सेल का उपक्रम बना है और अब प्रबंधन हमारे ही लोगों को बेघर करने की धमकी दे रहा है. उन्होंने चेताया कि यदि सेल प्रबंधन ने लोगों को जबरन बेदखल करने का प्रयास किया तो वे चुप नहीं बैठेंगे. वे सड़क पर उतरकर जोरदार आंदोलन करेंगे और सेल अधिकारियों का उनके आवासों से बाहर निकलना बंद करा देंगे.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By विकाश नाथ

26 साल से पत्रकारिता के क्षेत्र में कार्यरत हूं. रिपोर्टिंग के साथ डेस्क का काम करने भी अनुभव प्राप्त है. खेल डेस्क में भी काम करने का अनुभव है. रुरल के संस्करणों को देखता हूं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >