गढ़वा से रिपोर्ट जितेंद्र सिंह की रिपोर्ट
गढ़वा. बाबू दिनेश सिंह विश्वविद्यालय में आयोजित दीक्षांत समारोह में गढ़वा की मेधावी छात्रा रानी वैष्णवी सिंह को बैचलर ऑफ साइंस (पैथोलॉजी) में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाले टॉपर्स में शामिल होने पर टॉपर्स सर्टिफिकेट एवं गोल्ड मेडल से सम्मानित किया गया.
उन्हें यह सम्मान झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार के हाथों प्राप्त हुआ. रानी वैष्णवी की इस उपलब्धि से उनके परिवार सहित शहर में खुशी का माहौल है.रानी वैष्णवी सिंह कृषि विज्ञान केंद्र, कचहरी रोड निवासी, सदस्य प्रदेश दिशा समिति, झारखंड एवं भारत सरकार द्वारा मनोनीत सदस्य तथा सेवानिवृत्त अंचल निरीक्षक दशरथ राम की नतनी तथा छोटेलाल सिंह एवं विभा रानी की सुपुत्री हैं.
राज्यपाल के हाथों गोल्ड मेडल मिलने के बाद परिवार के सदस्यों ने इसे रानी वैष्णवी की मेहनत, लगन और शिक्षा के प्रति समर्पण का गौरवपूर्ण परिणाम बताया.रानी वैष्णवी ने प्रारंभिक शिक्षा केंद्रीय विद्यालय गढ़वा से प्राप्त की. इसके बाद केंद्रीय विद्यालय, हिनू रांची से 12वीं की पढ़ाई पूरी की.
इसके बाद बाबू दिनेश सिंह विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ साइंस (पैथोलॉजी) की पढ़ाई पूरी की और उत्कृष्ट प्रदर्शन के बल पर टॉपर्स में स्थान बनाते हुए गोल्ड मेडल हासिल किया.
सरकारी क्षेत्र में प्रोफेसर बनने का लक्ष्य
अपनी उपलब्धि पर रानी वैष्णवी सिंह ने कहा कि उनके लिए यह बेहद खुशी और गर्व का दिन है. लगातार मेहनत, लगन और परिवार के सहयोग की बदौलत वह इस मुकाम तक पहुंच पाई हैं. राज्यपाल के हाथों टॉपर्स सर्टिफिकेट एवं गोल्ड मेडल प्राप्त करना उनके लिए गौरवपूर्ण क्षण है.
उन्होंने बताया कि उनका लक्ष्य आगे सरकारी क्षेत्र में प्रोफेसर बनकर विद्यार्थियों के भविष्य को बेहतर बनाने में योगदान देना है.उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय माता विभा रानी, पिता छोटेलाल सिंह, नाना दशरथ राम, नानी कलावती देवी, मामा-मामी तथा छोटी बहन रानी सृष्टि सिंह को दिया.रानी वैष्णवी की इस उपलब्धि से परिवार में उत्साह का माहौल है.
