गढ़वा से जितेंद्र सिंह की रिपोर्ट
गढ़वा: जिला मुख्यालय स्थित पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय, टंडवा में पढ़ने वाले सैकड़ों विद्यार्थियों के लिए विद्यालय तक पहुंचने का रास्ता इन दिनों बड़ी परेशानी का कारण बना हुआ है. विद्यालय का भवन आधुनिक सुविधाओं से लैस है, लेकिन वहां तक जाने वाली करीब 500 मीटर लंबी कच्ची सड़क की बदहाल स्थिति विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों के लिए रोजाना मुश्किलें खड़ी कर रही है. सड़क पर जगह-जगह बड़े गड्ढे, कीचड़ और जलजमाव है.
बारिश के बाद हालात और भी खराब हो जाते हैं, जिससे विद्यालय पहुंचना किसी चुनौती से कम नहीं रह जाता. बारिश के दौरान पूरी सड़क कीचड़ में तब्दील हो जाती है. कई स्थानों पर पानी भर जाने से गड्ढे दिखते नहीं. ऐसे में पैदल आने वाले विद्यार्थियों के साथ-साथ दोपहिया और चारपहिया वाहनों को भी काफी परेशानी होती है.
सुबह विद्यालय खुलने और छुट्टी के समय विद्यार्थियों की अधिक आवाजाही के कारण दुर्घटना की आशंका बनी रहती है. विद्यालय आने-जाने वाले अधिकांश विद्यार्थी टेंपो और अन्य छोटे वाहनों से सफर करते हैं. सड़क पर बने गड्ढों और कीचड़ के बीच छात्रों से भरे वाहनों को गुजरना पड़ता है. कई बार वाहन चालकों को बेहद सावधानी से वाहन निकालना पड़ता है.
अभिभावकों का कहना है कि बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन को किसी बड़े हादसे का इंतजार किए बिना जल्द सड़क का निर्माण कराना चाहिए. वर्तमान में पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय में 519 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं. इनमें 303 छात्र और 216 छात्राएं शामिल हैं. इतनी बड़ी संख्या में विद्यार्थियों के प्रतिदिन आवागमन के बावजूद सड़क की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है. स्थानीय लोगों का कहना है कि सामान्य दिनों में भी गड्ढों के कारण परेशानी होती है, जबकि बारिश में कई बार वाहन कीचड़ में फंस जाते हैं.
वर्ष 2007 में हुई थी विद्यालय की
स्थापना विद्यालय की स्थापना वर्ष 2007 में अस्थायी भवन में कक्षा एक से पांच तक की पढ़ाई के साथ हुई थी. बाद में इसे टंडवा स्थित नवनिर्मित भवन में स्थानांतरित किया गया. विद्यालय का उद्देश्य केंद्रीय कर्मचारियों, रक्षा एवं अर्धसैनिक बलों के बच्चों सहित अन्य विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना है. हालांकि बेहतर भवन और शैक्षणिक सुविधाओं के बावजूद बदहाल पहुंच मार्ग इसकी सबसे बड़ी समस्या बना हुआ है.
एक वर्ष पहले मिली स्वीकृति, फिर भी शुरू नहीं हुआ सड़क निर्माण
विद्यालय के प्राचार्य संजय कुमार सिंह ने बताया कि विद्यालय तक पहुंचने के लिए दो सड़कें हैं और दोनों की स्थिति खराब है. उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण के लिए करीब एक वर्ष पहले ही स्वीकृति मिल चुकी है तथा फंड भी उपलब्ध है. इसके बावजूद कुछ लोगों द्वारा कथित रूप से निर्माण कार्य में व्यवधान उत्पन्न किये जाने के कारण काम शुरू नहीं हो सका है. उन्होंने कहा कि सड़क की खराब स्थिति से विद्यार्थियों और शिक्षकों को प्रतिदिन भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. विद्यालय तक सुरक्षित और सुगम सड़क का निर्माण जल्द होना आवश्यक है.
