कांडी (गढ़वा): प्रखण्ड के हरिहरपुर ओपी क्षेत्र के श्रीनगर गांव निवासी 25 वर्षीय युवक ओमप्रकाश चंद्रवंशी की संदिग्ध मौत मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर शुक्रवार को भारी बवाल हुआ. आक्रोशित सैकड़ों की संख्या में महिला एवं पुरुषों ने कांडी थाना गेट के सामने भवनाथपुर–कांडी–मंझिआंव मुख्य सड़क को पूरी तरह जाम कर दिया. लगभग चार घंटे तक चले इस चक्काजाम के कारण मुख्य मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे आम राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा. इस दौरान ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और शीघ्र कार्रवाई की मांग की.
ससुराल जाने के बाद से लापता था युवक, जंगल में मिला शव
प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों व परिजनों ने बताया कि श्रीनगर निवासी कुलदीप चंद्रवंशी का पुत्र ओमप्रकाश चंद्रवंशी बीते 24 जून को अपने ससुराल ढबरिया (कांडी) गया था. इसके बाद 1 जुलाई को उसकी पत्नी मेनका कुमारी ने कांडी थाना में पति की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई. 4 जुलाई को मोहम्मदगंज थाना क्षेत्र के भैराहा पहाड़ स्थित जंगल में एक पेड़ से ओमप्रकाश का शव लटकता हुआ बरामद हुआ. परिजनों का आरोप है कि मृतक के चेहरे पर तेजाब भी डाला गया था, जिससे यह मामला आत्महत्या का नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या का प्रतीत होता है.
शादी के दो महीने बाद ही घटी घटना
मृतक के पिता कुलदीप चंद्रवंशी ने बताया कि उनके पुत्र का विवाह इसी वर्ष 28 अप्रैल 2026 को ढबरिया गांव निवासी उदय चंद्रवंशी की पुत्री मेनका कुमारी के साथ दोनों परिवारों की सहमति से हुआ था. परिजनों ने इस घटना में मृतक की पत्नी की भूमिका की भी निष्पक्ष जांच करने की मांग की है. परिजनों ने बताया कि घटना के संबंध में कांडी थाना में लिखित आवेदन देकर सभी संदिग्धों की शीघ्र गिरफ्तारी और उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजने की मांग की गई थी. हालांकि, आवेदन दिए जाने के पांच दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस द्वारा किसी की गिरफ्तारी नहीं की गई. इसी बात से आक्रोशित होकर बड़ी संख्या में महिलाएं और पुरुष सड़क पर उतर आए. ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही दोषियों को सलाखों के पीछे नहीं भेजा गया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा.
पुलिस के काफी समझाने पर माने प्रदर्शनकारी
सड़क जाम की सूचना मिलते ही गढ़वा के एसडीपीओ दिल्लू लोहरा कांडी थाना पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया. शुरुआत में वार्ता बेनतीजा रही. इसके बाद एसडीपीओ के निर्देश पर बीडीओ राकेश सहाय, कांडी थाना प्रभारी मोहम्मद अशफाक आलम हरिहरपुर ओपी प्रभारी मोहम्मद नसीम अंसारीइन अधिकारियों ने ग्रामीणों के साथ लगातार संवाद स्थापित किया. पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा निष्पक्ष जांच और जल्द से जल्द कानूनी कार्रवाई का ठोस भरोसा दिए जाने के बाद, लगभग चार घंटे बाद ग्रामीणों ने जाम हटाया. इसके बाद ही इस मुख्य मार्ग पर आवागमन पूरी तरह सामान्य हो सका.
तकनीकी आधार पर हो रही जांच : एसडीपीओ
एसडीपीओ, गढ़वा दिल्लू लोहरा ने बताया कि पुलिस मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच कर रही है. घटनास्थल से जुड़े सभी साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं और वैज्ञानिक व तकनीकी आधार पर भी अनुसंधान को आगे बढ़ाया जा रहा है. किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा. पर्याप्त साक्ष्य मिलते ही संबंधित आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा.
