रेल मंत्री से मिले सांसद बीडी राम, गढ़वा के लिए मेमू ट्रेन से वर्कशॉप तक रखीं कई बड़ी मांगें

सांसद बीडी राम ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर गढ़वा-रांची मेमू ट्रेन और नई रेल लाइनों के विस्तार की मांग की। जानिए पूरी खबर।

गढ़वा. पलामू सांसद विष्णु दयाल राम ने नई दिल्ली स्थित रेल भवन में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर पलामू संसदीय क्षेत्र, खासकर गढ़वा जिले में रेलवे से जुड़ी विभिन्न महत्वपूर्ण परियोजनाओं, यात्री सुविधाओं और आधारभूत संरचना के विकास को लेकर विस्तृत चर्चा की.

सांसद ने अंबिकापुर-रामानुजगंज-गढ़वा प्रस्तावित नई रेल लाइन के संरेखण पर पुनर्विचार करते हुए इसमें बड़गड़ और भंडरिया प्रखंडों को शामिल करने का पुरजोर आग्रह किया. उन्होंने कहा कि इससे इन पिछड़े और सुदूर क्षेत्रों के लोगों को भी रेल कनेक्टिविटी का लाभ मिल सकेगा.

गढ़वा रोड या जपला में वर्कशॉप की मांग

सांसद बीडी राम ने गढ़वा रोड या जपला रेलवे स्टेशन पर रेलवे वर्कशॉप अथवा मेगा वैगन मेंटेनेंस सुविधा स्थापित करने की मांग रखी. उन्होंने कहा कि इससे रेलवे की परिचालन क्षमता मजबूत होगी और स्थानीय युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे. इससे क्षेत्र से होने वाले पलायन पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी.

गढ़वा-रांची के बीच मेमू ट्रेन चलाने का आग्रह

सांसद ने गढ़वा टाउन से डालटनगंज और गढ़वा रोड होते हुए रांची के बीच सुबह और शाम मेमू ट्रेन सेवा शुरू करने का अनुरोध किया. उन्होंने कहा कि इस सेवा से विद्यार्थियों, कर्मचारियों, व्यापारियों और दैनिक यात्रियों को आवागमन में काफी सुविधा मिलेगी.

परिचालन शुरू कराने और ठहराव देने की मांग

इसके अलावा डालटनगंज और गढ़वा रोड होकर स्वीकृत संतरागाछी-खातीपुरा (जयपुर) एक्सप्रेस का परिचालन शीघ्र शुरू कराने की मांग की. उन्होंने सिंगरौली-पटना एक्सप्रेस का सिगसिगी स्टेशन तथा गरीब रथ एक्सप्रेस का ऊंटारी रोड और हैदरनगर स्टेशन पर ठहराव देने का भी आग्रह किया.

अंडरपास की समस्या दूर करने और ओवरब्रिज की मांग

सांसद ने क्षेत्र में निर्मित सभी सीमित ऊंचाई वाले अंडरपास में जलजमाव की समस्या से निजात दिलाने के लिए स्थायी जल निकासी व्यवस्था करने की मांग की. वहीं, नगर ऊंटारी-भवनाथपुर मार्ग पर नवनिर्मित अंडरपास में आवागमन की गंभीर समस्या को देखते हुए वहां ओवरब्रिज निर्माण पर विचार करने का भी आग्रह किया.

ये भी पढ़ें: गढ़वा में पत्नी और प्रेमी की साजिश ने उड़ाए होश : दो जंगल, दो हत्याएं और एक जैसी कहानी

रेल लाइन की स्वीकृति पर जताया आभार

सांसद बीडी राम ने शेरघाटी-छतरपुर-कजरी नई रेलवे लाइन को स्वीकृति देने के लिए रेल मंत्री के प्रति आभार जताया. मुलाकात के दौरान रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सांसद की ओर से रखी गई सभी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Avinash singh

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >