धुरकी से अनूप जायसवाल की रिपोर्ट
Garhwa News: झारखंड के गढ़वा जिले के धुरकी थाना क्षेत्र में अंधविश्वास और झाड़-फूंक की आड़ में एक विवाहिता को बहला-फुसलाकर ले आने का मामला सामने आया है. झारखंड और उत्तर प्रदेश की सीमा से सटे इलाके में हुई इस घटना ने लोगों को हैरान कर दिया है. शुक्रवार को बीरबल गांव में ग्रामीणों की सतर्कता से एक संदिग्ध मौलाना और महिला को पकड़ लिया गया, जिसके बाद पुलिस ने दोनों को हिरासत में ले लिया. बताया गया कि आरोपी मौलाना उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले का रहने वाला है और वह महिला को अपने साथ झारखंड लेकर आया था. महिला की गोद में दो महीने का मासूम बच्चा भी था.
ग्रामीणों को हुआ शक, शुरू हुई पूछताछ
जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह बीरबल गांव निवासी कलाम अंसारी के घर में एक संदिग्ध व्यक्ति और दूसरे समुदाय की महिला को ग्रामीणों ने देखा. गांव के लोगों को दोनों की गतिविधियां संदिग्ध लगीं, जिसके बाद पूछताछ शुरू की गई. मामले की सूचना मिलने पर सगमा प्रखंड प्रमुख अजय साह भी मौके पर पहुंचे. पूछताछ के दौरान मौलाना ने अपना नाम अकबर अंसारी बताया. वह उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले के ओबरा क्षेत्र का रहने वाला है. वहीं महिला की पहचान प्रीति दीक्षित के रूप में हुई, जो अनपरा, सोनभद्र की निवासी बताई गई.
झाड़-फूंक और तंत्र-मंत्र के नाम पर फंसाने का आरोप
महिला ने ग्रामीणों और पुलिस को बताया कि मौलाना उसे झाड़-फूंक और तंत्र-मंत्र के नाम पर अपने साथ यहां लेकर आया है. पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी का महिला के घर पहले से आना-जाना था. प्राथमिक जांच के अनुसार आरोपी ने अंधविश्वास का सहारा लेकर महिला को अपने प्रभाव में लिया और उसे घर छोड़ने के लिए तैयार कर लिया. महिला अपने साथ दो महीने के बच्चे को भी लेकर आई थी, जिससे मामले की गंभीरता और बढ़ गई है. ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते लोगों को शक नहीं होता तो मामला और गंभीर हो सकता था. गांव के लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को रोक लिया और तुरंत पुलिस को सूचना दी.
महिला के पति ने दर्ज कराई थी तलाश
महिला के पति मुकेश दीक्षित ने बताया कि उनकी पत्नी दो दिन पहले अचानक लापता हो गई थी. परिवार के लोग लगातार उसकी तलाश कर रहे थे. इसी बीच जानकारी मिली कि वह झारखंड के गढ़वा जिले में है. पति ने बताया कि उन्हें अंदेशा था कि किसी ने बहला-फुसलाकर उनकी पत्नी को अपने साथ ले गया है. घटना की सूचना मिलने के बाद परिवार के लोग भी धुरकी पहुंचने की तैयारी में जुट गए हैं.
यूपी पुलिस से संपर्क में धुरकी थाना
धुरकी थाना प्रभारी जनार्दन राऊत ने बताया कि मामला प्रथम दृष्टया अंधविश्वास और अपहरण से जुड़ा प्रतीत हो रहा है. चूंकि आरोपी और महिला दोनों उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं, इसलिए सोनभद्र जिले की अनपरा और ओबरा पुलिस से संपर्क किया जा रहा है. पुलिस ने महिला की गुमशुदगी से जुड़ी जानकारी और रिपोर्ट मांगी है. साथ ही महिला के बयान और परिजनों के पहुंचने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
इसे भी पढ़ें: गढ़वा के रंका में सड़क हादसा, भांजे की शादी में ‘अमिलो घोटाकर’ लौट रहे मामा की मौत
अंधविश्वास को लेकर फिर उठे सवाल
इस घटना के सामने आने के बाद इलाके में अंधविश्वास और झाड़-फूंक को लेकर फिर बहस छिड़ गई है. ग्रामीणों का कहना है कि आज भी कई लोग तंत्र-मंत्र और झाड़-फूंक के नाम पर लोगों को अपने जाल में फंसा लेते हैं. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की मांग की है ताकि भविष्य में किसी महिला या परिवार को इस तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े.
इसे भी पढ़ें: बड़ा जामदा फुटबॉल मैदान में जमीन विवाद को लेकर तनाव, मामला पहुंचा थाना
