विकास की नयी ऊंचाइयों को छूने को तैयार है गढ़वा उम्मीदें 2026 वरीय संवाददाता, गढ़वा गढ़वा जिला 2026 में विकास की नयी ऊंचाइयों को छूने के लिए तैयार है. प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की सक्रियता से सड़क कनेक्टिविटी, जल संकट और स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार की कई योजनाओं को धरातल पर उतारने की उम्मीद है. पेश है उम्मीदें 2026 पर एक विशेष रिपोर्ट, जिसमें जिले में होने वाली प्रमुख योजनाओं का विवरण दिया गया है. कनेक्टिविटी: छत्तीसगढ़ की राह होगी आसान, रंका में बनेगा बायपास गढ़वा को छत्तीसगढ़ से जोड़ने वाली लाइफलाइन, गढ़वा-रामानुगंज सड़क परियोजना पर काम तेजी से चल रहा है. इस योजना में रंका में बायपास का निर्माण प्रस्तावित है, जिससे ट्रैफिक का दबाव कम होगा और अंतरराज्यीय आवागमन में समय की बचत होगी. कनहर-सोन पाइपलाइन: प्यास बुझाने की दिशा में बड़ा कदम कनहर-सोन पाइपलाइन योजना के तहत गढ़वा जिले में जल संकट का स्थायी समाधान होने की उम्मीद है. जून 2026 तक इसे पूरा करने का लक्ष्य है. इस परियोजना के तहत पेयजल और सिंचाई की समस्या दूर करने के साथ ही, जिले में जल की बेहतर उपलब्धता सुनिश्चित की जायेगी. नीली क्रांति: गढ़वा बनेगा मत्स्य पालन का मॉडल जिला मत्स्य पालन के क्षेत्र में गढ़वा जिला नयी ऊंचाइयों को छूने जा रहा है. उपायुक्त दिनेश कुमार यादव के नेतृत्व में जिले में केज कल्चर को बढ़ावा दिया जा रहा है, जिससे न केवल रोजगार के अवसर बढ़ेंगे, बल्कि कुपोषण के खिलाफ भी एक प्रभावी कदम होगा. नीति आयोग ने इस प्रयास को सराहा है और गढ़वा को राज्य का मॉडल जिला बनाने की दिशा में काम हो रहा है. स्वास्थ्य : मिलेगा 50 बेड का आयुष्मान वार्ड और पीआइसीयू सदर अस्पताल में 50 बेड का अत्याधुनिक आयुष्मान वार्ड और बच्चों के लिए पीआइसीयू सुविधा की स्थापना का काम तेजी से चल रहा है. इससे गरीब मरीजों को अब इलाज के लिए बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा और उन्हें स्थानीय स्तर पर उच्च गुणवत्ता की स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होंगी. दानरो रिवर फ्रंट: शहर की पहचान बनेगा पर्यटन स्थल दानरो नदी रिवर फ्रंट को पर्यटन केंद्र में तब्दील करने की योजना है, जिसे मेदिनीनगर के कोयल रिवर फ्रंट की तर्ज पर विकसित किया जायेगा. इस योजना के तहत नगर विकास विभाग को डीपीआर भेजी जा चुकी है, और 2026 में इसे स्वीकृति मिलने की उम्मीद है. इससे शहरवासियों को एक सुंदर और व्यवस्थित सैर-सपाटे का स्थान मिलेगा.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
