प्रतिनिधि, गढ़वा शहर के नामधारी कॉलेज के समीप छतरपुर गांव में शुक्रवार को आस्था की आड़ में ठगी और चोरी की एक सनसनीखेज वारदात सामने आयी है. साधु वेश में आये अपराधियों ने एक घर को निशाना बनाते हुए किशोरी को नशीला पदार्थ सुंघाकर बेहोश कर दिया और घर में रखे नकदी व कीमती गहने लेकर फरार हो गये. पीड़िता रीना देवी (पति सुरेंद्र प्रसाद) ने बताया कि शुक्रवार दोपहर तीन-चार साधु वेशधारी उनके घर पहुंचे और पानी मांगा. पानी पीने के बाद उन्होंने महिला को परेशानियों से मुक्ति का झांसा देकर 500 रुपये मांगे. रीना देवी द्वारा केवल 50 रुपये देने की बात कहने पर वे नाराज होकर चले गये. शाम को जब रीना देवी सब्जी बेचने बाजार गईं, तब ये ठग दोबारा घर पहुंचे. घर में उनकी बेटी अकेली थी. जब बेटी ने रुपये देने में असमर्थता जतायी, तो ठगों ने उसके चेहरे के पास कपड़े में लिपटा कोई संदिग्ध पदार्थ सुंघा दिया. किशोरी तत्काल बेहोश हो गयी, जिसके बाद ठगों ने बक्सा तोड़कर सारा कीमती सामान समेट लिया और चंपत हो गये. देर शाम घर लौटने पर जब रीना देवी को घटना का पता चला, तो उन्होंने तत्काल गढ़वा थाना में लिखित शिकायत दर्ज करायी. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने शनिवार को शहर में छापेमारी कर चार-पांच संदिग्ध साधु वेशधारियों को हिरासत में लिया है. थाना प्रभारी की अपील: झांसे में न आयें लोग गढ़वा थाना प्रभारी सुनील कुमार तिवारी ने आम जनता से अपील की है कि वे अज्ञात साधु वेशधारियों के झांसे में न आयें. उन्होंने कहा कि अपराधी अक्सर पहचान छिपाने के लिए साधु का भेष धारण करते हैं. किसी भी संदिग्ध व्यक्ति के दिखने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
