केतार,गढ़वा : केतार थाना परिसर में सोमवार को थाना दिवस का आयोजन अंचल अधिकारी प्रशांत कुमार की अध्यक्षता में किया गया. थाना दिवस में भूमि विवाद से जुड़े कुल 10 मामलों की सुनवाई की गयी. इनमें से तीन मामलों का अधिकारियों ने मौके पर ही समाधान कर दिया. वहीं, शेष मामलों में संबंधित पक्षों से आवश्यक जानकारी लेने के बाद जांच-पड़ताल कर नियमानुसार कार्रवाई करने की बात कही गयी.
दस्तावेजों की जांच कर निष्पक्ष समाधान का निर्देश
इस दौरान अंचल अधिकारी ने दोनों पक्षों की बात सुनी और विवादित भूमि से संबंधित दस्तावेजों की जांच की. उन्होंने आपसी सहमति और नियमों के आधार पर मामलों के निष्पादन का निर्देश दिया.
अंचल अधिकारी ने कहा कि भूमि विवाद से जुड़े मामलों की निष्पक्ष जांच की जायेगी और नियमों के अनुसार उनका समाधान किया जायेगा.
मौके पर थाना प्रभारी अरुण कुमार रवानी, अंचल निरीक्षक सुलेमान अंसारी, एसआइ आदित्य कुमार समेत दर्जनों ग्रामीण मौजूद थे.
