गढ़वा के कांडी में छात्र शक्ति की बड़ी जीत: 12 घंटे में झुका विभाग, फिर होगी प्रिंसिपल मलय सिंह की वापसी

गढ़वा के कांडी हाई स्कूल में प्रधानाध्यापक मलय कुमार सिंह की वापसी हुई। छात्रों के 12 घंटे के उग्र प्रदर्शन के बाद शिक्षा विभाग ने लिया बड़ा फैसला।

गढ़वा: गढ़वा के कांडी प्रखंड मुख्यालय स्थित राजकीयकृत जमा दो उच्च विद्यालय में शिक्षक सह प्रधानाध्यापक मलय कुमार सिंह के स्थानांतरण (विरमण) को लेकर चल रहा विवाद गुरुवार को एक ऐतिहासिक मोड़ पर समाप्त हो गया. अपने पसंदीदा प्रधानाध्यापक की वापसी की मांग को लेकर उग्र हुए सैकड़ों छात्र-छात्राओं के अभूतपूर्व जन-आंदोलन के आगे अंततः जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग को झुकना ही पड़ा. विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मलय कुमार सिंह को पुन: कांडी उच्च विद्यालय में प्रधानाध्यापक के रूप में प्रतिनियुक्त (डेपुटेशन) करने का सरकारी आदेश जारी कर दिया है.

सड़क पर जलाए टायर, घंटों ठप रहा मुख्य मार्ग

गुरुवार की सुबह कांडी प्रखंड मुख्यालय में एक अलग ही नजारा देखने को मिला. स्कूल के सैकड़ों छात्र-छात्राएं सुबह 9 बजे ही सड़कों पर उतर आए और मुख्य मार्ग को पूरी तरह जाम कर दिया. उग्र विद्यार्थियों ने सड़क के बीचों-बीच टायर जलाकर अपना कड़ा विरोध जताया. आंदोलनकारी छात्रों का स्पष्ट कहना था कि जब से मलय कुमार सिंह विद्यालय में आए हैं, पठन-पाठन का माहौल पूरी तरह बदल गया है. उनके मार्गदर्शन में अनुशासन और बेहतर शिक्षा का माहौल बना है. ऐसे में उनका स्थानांतरण छात्र हित में बिल्कुल नहीं है और इसे किसी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा.

सड़क जाम और उग्र प्रदर्शन

सड़क जाम और उग्र प्रदर्शन के बीच विद्यार्थियों के संकल्प में कोई कमी नहीं आई. विद्यार्थियों का एक प्रतिनिधिमंडल लगभग 100 किलोमीटर का सफर तय कर सीधे जिला मुख्यालय गढ़वा पहुंचा. वहां छात्रों ने उपायुक्त पशुपति नाथ मिश्रा से मुलाकात कर अपनी मांग रखी. छात्रों ने दो टूक शब्दों में कहा कि मलय सर के मार्गदर्शन में ही स्कूल की व्यवस्था सुधरी है, इसलिए जब तक उन्हें वापस नहीं लाया जाता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा.

12 घंटे के भीतर जारी हुआ नया आदेश

विद्यार्थियों के इस अप्रत्याशित जुड़ाव, उग्र आंदोलन और उपायुक्त से सीधी वार्ता की गंभीरता को देखते हुए जिला शिक्षा पदाधिकारी गढ़वा ने बिना देर किए त्वरित फैसला लिया. विभाग ने पत्रांक 1360, दिनांक 13 अगस्त 2026 जारी करते हुए मलय कुमार सिंह को पुनः कांडी स्थित राजकीयकृत जमा दो उच्च विद्यालय में प्रधानाध्यापक के रूप में पदस्थापित कर दिया.

इसे भी पढ़ें: गढ़वा: मिड-डे मील में सब्जी मांगने पर रसोइया ने 5वीं के छात्र को छोलनी से मारा, घायल

'गुरु-शिष्य' परंपरा की मिसाल कायम

मलय कुमार सिंह का कांडी में बतौर प्रधानाध्यापक कार्यकाल महज 3 महीने का रहा. लेकिन इतने कम समय में उन्होंने पढ़ाई की गुणवत्ता, अनुशासन और छात्रों के साथ संवाद का ऐसा माहौल तैयार किया कि बच्चे उनके मुरीद हो गए. जिस तरह से स्कूली बच्चों (जेन अल्फा) ने अपने शिक्षक के समर्थन में सड़क से लेकर जिला मुख्यालय तक मोर्चा खोला, उसने जिले में गुरु-शिष्य परंपरा की एक अनूठी मिसाल पेश की है. विभाग के इस फैसले के बाद विद्यार्थियों और स्थानीय लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई है. अब कांडी हाई स्कूल में शैक्षणिक माहौल के फिर से पटरी पर लौटने की पूरी उम्मीद जताई जा रही है.

इसे भी पढ़ें: गढ़वा: 30 टन मक्का बेचकर व्यापारी से ठगी, चालक समेत चार गिरफ्तार


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Avinash singh

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >