गढ़वा: कांडी प्रखंड के चौबे मझिगांवा गांव में जानकी सामूहिक विवाह फाउंडेशन की टीम ने पहुंचकर जागरूकता अभियान चलाया. अभियान का मुख्य उद्देश्य जरूरतमंद परिवारों की बेटियों के विवाह में सहयोग करना और आर्थिक रूप से कमजोर लोगों की सहायता के लिए लोगों को जागरूक करना था.
इस मौके पर बताया गया कि फाउंडेशन की ओर से 51 कन्याओं का सामूहिक विवाह कराया जा रहा है. वहीं, ललन रजवार की बेटी के विवाह की जिम्मेदारी उठाने का संकल्प जानकी सामूहिक विवाह फाउंडेशन की ओर से लिया गया. संस्था के इस निर्णय पर ग्रामीणों ने खुशी जतायी और इसे जरूरतमंद परिवारों के लिए बड़ी मदद बताया.
गरीब परिवारों की मदद के लिए आगे आने की अपील
संस्था के सचिव रितेश तिवारी उर्फ महाकाल तिवारी ने कहा कि जानकी सामूहिक विवाह फाउंडेशन का उद्देश्य केवल गरीब परिवारों की बेटियों की शादी कराना नहीं है, बल्कि जरूरतमंद और गरीब लोगों को हर संभव तरीके से सहयोग करना भी है. उन्होंने कहा कि संस्था समाज के कमजोर वर्ग के लोगों के साथ खड़ी रहने और उनकी समस्याओं में मदद करने के लिए लगातार प्रयासरत है.
उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि समाज के सक्षम लोग भी जरूरतमंद परिवारों की मदद के लिए आगे आएं, ताकि आर्थिक परेशानी के कारण किसी गरीब की बेटी का विवाह प्रभावित न हो. उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयास से समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है.
कार्यक्रम में ललन रजवार, रमेश रजवार, वार्ड सदस्य सविता देवी, ममता देवी, अनीता देवी, फूलमनिया देवी और पार्वती देवी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे. वहीं संस्था की ओर से सचिव रितेश तिवारी उर्फ महाकाल तिवारी, सदस्य ललिता देवी, शक्ति देवी, श्याम सुंदर दुबे सहित अन्य लोग उपस्थित थे.
