गढ़वा. राज्यपाल संतोष गंगवार सोमवार को गढ़वा दौरे पर आएंगे. निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार राज्यपाल फरठिया स्थित बाबू दिनेश सिंह विश्वविद्यालय के प्रथम दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे. इसके बाद दोपहर में श्री बंशीधर नगर पहुंचकर बाबा वंशीधर मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे.
राज्यपाल के दौरे को लेकर जिला प्रशासन की ओर से सुरक्षा सहित अन्य तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं. उपायुक्त पशुपतिनाथ मिश्रा और पुलिस अधीक्षक आशुतोष शेखर ने श्री बंशीधर नगर पहुंचकर बाबा वंशीधर मंदिर परिसर का निरीक्षण किया. दोनों अधिकारियों ने राज्यपाल के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर की जा रही तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया.
इसके बाद उपायुक्त व पुलिस अधीक्षक ने बाबू दिनेश सिंह विश्वविद्यालय पहुंचकर प्रथम दीक्षांत समारोह की तैयारियों का भी निरीक्षण किया. अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल, सुरक्षा व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक इंतजामों की जानकारी ली और संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये.
उपायुक्त पशुपतिनाथ मिश्रा ने कहा कि राज्यपाल के दौरे को लेकर प्रशासनिक स्तर पर सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं. सुरक्षा व्यवस्था और प्रोटोकॉल के तहत सभी इंतजाम सुनिश्चित किये गये हैं.
