नगर निकाय चुनाव से पहले जमीनी हकीकत पर मंथन, मतदाताओं ने रखी अपनी बात ग्राउंड रिपोर्ट वार्ड नंबर 13 आंकड़ों में वार्ड की तस्वीर कुल मतदाता: 1350 पुरुष मतदाता: 653 महिला मतदाता: 697 आबादी: 3400 …………………………… वार्ड में मोहल्लों की संख्या : 04 मतदाता केंद्र की संख्या : 02 ……….. – जलजमाव हे वार्ड नंबर 13 की सबसे बड़ी समस्या, लोगों ने पानी निकासी की व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की – जर्जर सड़क की मरम्मत और सड़कों के चौड़ीकरण की वार्डवासियों ने की मांग – वार्ड में समुचित लाइट की व्यवस्था की व्यवस्था के अन्य अधूरी योजनाओं को पूरा करने की मांग जितेंद्र सिंह, गढ़वा नगर निकाय चुनाव की सरगर्मी के बीच रविवार को प्रभात खबर की ओर से सहिजना स्थित वार्ड संख्या–13 में एक परिचर्चा कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में वार्ड के प्रबुद्ध नागरिकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और युवाओं ने भाग लिया. नगर निकाय चुनाव की घोषणा के साथ ही वार्ड नंबर-13 में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गयी हैं. चौक-चौराहों पर चुनावी चर्चाएं आम हो चुकी हैं, लेकिन इन सबके बीच वार्ड की जमीनी सच्चाई यह है कि विकास से जुड़े बुनियादी मुद्दे आज भी लोगों की प्राथमिकता में सबसे ऊपर हैं. करीब 3400 की आबादी वाला यह वार्ड शहर के पुराने और नये हिस्सों का मिश्रण है. यहां एक ओर व्यावसायिक प्रतिष्ठान हैं, तो दूसरी ओर घनी आबादी वाली आवासीय बस्तियां. इसी वजह से वार्ड की समस्याएं भी विविध और जटिल हैं. पिछले नगर परिषद चुनाव में वार्ड 11 और 14 को काटकर इस वार्ड का गठन किया गया था. वार्ड में कुल दो मतदान केंद्र हैं और प्रमुख रूप से चार मोहल्ले शामिल हैं. परिचर्चा के दौरान वार्डवासियों ने माना कि नया वार्ड होने के बावजूद कुछ विकास कार्य हुए हैं, लेकिन कई योजनाएं अब भी अधूरी हैं. स्थानीय लोगों ने कहा कि वार्ड में सड़क और नाली का काम अपेक्षा के अनुरूप नहीं हो पाया है. बारिश के दिनों में जल जमाव की समस्या से लोगों को आज तक निजात नहीं मिल सकी है. वार्ड 11 और 13 को विभाजित करने वाली महादेव नगर की सड़क जर्जर हालत में है. बारिश के समय जल जमाव से दर्जनों घर प्रभावित होते हैं, लेकिन अब तक इसका स्थायी समाधान नहीं किया गया. वार्डवासियों ने रखीं अपनी समस्याएं जल जमाव का समाधान जरूरी : यमुना महतो वार्ड 13 निवासी किसान यमुना महतो ने कहा कि विकास कार्य हुए हैं, लेकिन जल जमाव वार्ड की सबसे बड़ी समस्या बनी हुई है. इसका शीघ्र समाधान जरूरी है, ताकि लोगों को राहत मिल सके. उन्होंने कहा कि कई अन्य कार्य भी अधूरे हैं, जिन्हें पूरा किया जाना चाहिए. वार्ड की सड़कों का हो चौड़ीकरण : सोनू मेहता युवा मतदाता सोनू मेहता ने कहा कि वार्ड-13 से होकर गुजरने वाली मुख्य सड़क आधा दर्जन गांवों को बाइपास फोरलेन सड़क से जोड़ती है. इसके कारण वाहनों का दबाव काफी बढ़ गया है और आये दिन दुर्घटना की आशंका बनी रहती है. उन्होंने हनुमान नगर चौक से बाइपास तक सड़क समेत अन्य सड़कों के चौड़ीकरण की मांग की. अधूरे पड़े हैं कई विकास कार्य : प्रेम दिवाना समाजसेवी प्रेम दिवाना ने कहा कि नहर चौक से सटा क्षेत्र पहले ग्रामीण इलाके में शामिल था. नये वार्ड के गठन से उम्मीद जगी थी कि यहां शहरी सुविधाएं मिलेंगी. कुछ काम जरूर हुए हैं, लेकिन सड़क और नाली के कई कार्य अब भी अधूरे हैं. साथ ही महादेव नगर बांध के आसपास जल निकासी की समुचित व्यवस्था इस क्षेत्र की बड़ी जरूरत है. छठ घाट पर रौशनी की व्यवस्था जरूरी : हरिचरण महतो स्थानीय निवासी हरिचरण महतो ने कहा कि वार्ड से सटे दानरो नदी पर छठ घाट बना हुआ है, लेकिन वहां प्रकाश की कोई व्यवस्था नहीं है. घाट पर एक हाई मास्ट लाइट लगाये जाने की जरूरत है. उन्होंने उम्मीद जतायी कि आने वाले प्रतिनिधि अधूरे कार्यों को पूरा करेंगे. चहुंमुखी विकास की अपेक्षा : राकेश मेहता युवा मतदाता राकेश कुमार मेहता ने कहा कि विकास ऐसा होना चाहिए जिससे वार्ड की तस्वीर बदली हुई नजर आये. कच्ची सड़कों को पक्की सड़क में बदलना और सभी मोहल्लों में नाली की समुचित व्यवस्था जरूरी है. तभी विकास धरातल पर दिखाई देगा. मोहल्लों में वेपर लाइट की व्यवस्था हो : संजय राम वार्ड निवासी संजय राम ने कहा कि वार्ड 13 नया है और यहां अभी और विकास की आवश्यकता है. कुछ काम हुए हैं, लेकिन कई योजनाओं को जमीन पर उतारना बाकी है. सभी मोहल्लों में नाली और वेपर लाइट की समुचित व्यवस्था होनी चाहिए. उन्होंने कहा कि इस बार मतदाता ऐसे प्रतिनिधि का चयन करेंगे जो वार्ड का समग्र विकास सुनिश्चित कर सके.
जलजमाव से मिले निजात, जर्जर सड़कें दुरुस्त हों
नगर निकाय चुनाव से पहले जमीनी हकीकत पर मंथन, मतदाताओं ने रखी अपनी बात
