गढ़वा एसपी ने किया श्री बंशीधर नगर महिला थाना व हरिहरपुर ओपी का निरीक्षण प्रतिनिधि, गढ़वा गढ़वा पुलिस अधीक्षक अमन कुमार ने रविवार को श्री वंशीधर नगर के महिला थाना व हरिहरपुर ओपी का वार्षिक निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने थानों की कार्यप्रणाली, अभिलेखों के संधारण और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया. एसपी ने लंबित कांडों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को त्वरित निष्पादन के सख्त निर्देश दिया. निरीक्षण के दौरान एसपी ने थाना दैनिकी, हाजत, मालखाना और प्रणाली की जांच की. उन्होंने विशेष रूप से महिला हेल्प डेस्क की कार्यप्रणाली को देखा और थाने में आने वाले परिवादियों एवं आगंतुकों के लिए बैठने व पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. एसपी ने सभी पुलिस पदाधिकारियों व चौकीदारों को ””””सिटीजन सेंट्रिक पुलिसिंग”””” को सुदृढ़ करने का निर्देश देते हुए कहा कि आम जनता को त्वरित और निष्पक्ष न्याय मिलना चाहिए. कार्यों में पारदर्शिता बरतने और कार्यालय व थाना परिसर में स्वच्छता बनाए रखने की भी हिदायत दी गयी. अभिलेखों और पंजियों के अवलोकन के दौरान एसपी ने कुछ त्रुटियां पायी, जिन्हें शीघ्र सुधारने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि अनुसंधान कार्य समयबद्ध होना चाहिए, ताकि पीड़ितों को समय पर न्याय मिल सके. महिला थाना नगर उंटारी के निरीक्षण के दौरान श्री बंशीधर नगर के एसडीपीओ सत्येंद्र नारायण सिंह, अंचल पुलिस निरीक्षक जितेंद्र कुमार आजाद, नगर उंटारी थाना प्रभारी उपेंद्र कुमार, महिला थाना प्रभारी रुकमणी कुमारी सहित अन्य जवान मौजूद थे. वहीं, हरिहरपुर ओपी के निरीक्षण के दौरान एसडीपीओ के साथ ओपी प्रभारी नसीम अंसारी व अन्य पुलिसकर्मी उपस्थित थे.
आम जनता को त्वरित व निष्पक्ष न्याय मिले: एसपी

आम जनता को त्वरित व निष्पक्ष न्याय मिले: एसपी
Copied link
गढ़वा एसपी ने किया श्री बंशीधर नगर महिला थाना व हरिहरपुर ओपी का निरीक्षण