केतार,गढ़वा: केतार थाना क्षेत्र के पाचाडुमर गांव के आदिवासी बहुल धंगरडीहा टोला में शनिवार की सुबह दो बच्चों की मौत से सनसनी फैल गयी. मृतकों में बुद्धि नारायण सिंह चेरो के सात वर्षीय पुत्र गोलू कुमार और 10 वर्षीय पुत्र सोनू कुमार शामिल हैं. वहीं 12 वर्षीय पुत्र सुशील कुमार, पिता बुद्धि नारायण सिंह समेत दो महिलाओं की भी तबीयत बिगड़ गयी. सभी को इलाज के लिए भवनाथपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है.
मृत बच्चों की मां बासमती देवी ने बताया कि दोनों बच्चों को पिछले दो दिनों से बुखार था. गरीबी और आर्थिक तंगी के कारण उनका समुचित इलाज नहीं कराया जा सका. शनिवार की सुबह अचानक दोनों की तबीयत बिगड़ गयी. परिजन उन्हें पास के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां पहुंचते ही दोनों बच्चों ने दम तोड़ दिया.
वायरल फीवर का प्रभाव, स्वास्थ्य विभाग की टीम पहुंची
भवनाथपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सक डॉ. उस्तर रजा ने बताया कि प्रारंभिक तौर पर वायरल फीवर का प्रभाव प्रतीत हो रहा है. भर्ती मरीजों की गहनता से जांच की जा रही है. उन्होंने बताया कि संभव है कि जिन बच्चों की मौत हुई है, उन्हें पहले से कोई स्वास्थ्य संबंधी समस्या रही हो. मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी.
घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम धंगरडीहा टोला पहुंची और वहां की स्थिति की जानकारी ली. फिलहाल धनवा देवी, सुनीता कुमारी, बासमती देवी, सुशील कुमार और बुद्धि नारायण सिंह समेत पांच लोगों का भवनाथपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज चल रहा है. स्वास्थ्य विभाग की टीम मामले की स्थिति पर नजर रख रही है.
फूड प्वाइजनिंग की भी चर्चा
एक साथ दो बच्चों की मौत से गांव में हड़कंप मच गया. ग्रामीणों के अनुसार, बच्चों की मौत के बाद उनके मुंह से झाग निकल रहा था. इस कारण फूड प्वाइजनिंग की आशंका की चर्चा भी ग्रामीणों के बीच रही. हालांकि, अभी इसकी पुष्टि नहीं हुई है. चिकित्सकों ने प्रारंभिक तौर पर वायरल फीवर का प्रभाव बताया है. मौत के वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा.
ग्रामीणों ने बताया कि बुद्धि नारायण सिंह की दो पत्नियां हैं और दूसरी पत्नी से पांच बच्चे हैं, जिनमें दो बच्चों की मौत हो गयी है.
थाना प्रभारी ने बीमार लोगों को अस्पताल पहुंचाया
घटना की सूचना मिलने पर थाना प्रभारी अरुण कुमार रवानी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और परिजनों को ढांढस बंधाया. अस्पताल जाने के लिए वाहन उपलब्ध नहीं होने पर थाना प्रभारी ने बीमार बुद्धि नारायण सिंह, उनके पुत्र सुशील कुमार और दो महिलाओं को कमांडर जीप से भवनाथपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया.
इधर, दोनों मृत बच्चों के अंतिम संस्कार की प्रक्रिया परिजनों द्वारा पूरी की जा रही थी. मौके पर मुखिया श्याम सुंदर बैठा भी मौजूद रहे. दूरभाष पर क्षेत्रीय विधायक अनंत प्रताप देव ने घटना पर दुख और आश्चर्य व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि मामले में प्रशासन को आवश्यक कार्रवाई के लिए निर्देशित किया जाएगा.
