गढ़वा से अविनाश की रिपोर्ट
Garhwa News: सदर अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सख्त नजर आ रहा है. उपायुक्त अनन्य मित्तल के निर्देश पर सदर एसडीएम संजय कुमार ने अस्पताल का औचक निरीक्षण किया. इस दौरान सबसे बड़ा फैसला सुरक्षाकर्मियों को लेकर लिया गया है. शिकायतों के आधार पर पुराने होमगार्डों को हटाकर आज (शुक्रवार) से 9 नए गृह रक्षकों की तैनाती कर दी गई है.
पुराने सुरक्षाकर्मियों के खिलाफ मिल रही थीं शिकायतें
पिछले कुछ समय से अस्पताल में तैनात गृह रक्षकों के खिलाफ मिल रही शिकायतों को प्रशासन ने गंभीरता से लिया है. एसडीएम संजय कुमार ने बताया कि पिछले सप्ताह ही सभी वर्तमान गृह रक्षकों को बदलने का निर्णय लिया गया था. इसी कड़ी में नए जवानों की प्रतिनियुक्ति की गई है. निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने खुद नए जवानों और सुरक्षाकर्मियों की ब्रीफिंग की और उन्हें मुस्तैदी से ड्यूटी करने के निर्देश दिए.
थाने और कंट्रोल रूम से रहेगा सीधा संपर्क
अस्पताल परिसर में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए एसडीएम ने अस्पताल प्रबंधन को विशेष निर्देश दिए हैं. इसके तहत अस्पताल प्रबंधन अब पुलिस नियंत्रण कक्ष और स्थानीय शहर थाना के साथ लगातार संपर्क में रहेगा. सुरक्षाकर्मियों का एक स्पष्ट रोस्टर तैयार करने का निर्देश दिया गया है जिससे कि हर शिफ्ट में पर्याप्त सुरक्षा सुनिश्चित हो सके. अस्पताल प्रबंधक को निर्देश दिया गया है कि वे समय-समय पर सुरक्षाकर्मियों की क्लास लें और उन्हें आवश्यक दिशा-निर्देश दें.
स्वास्थ्य सेवाओं का भी लिया जायजा
वार्डों के निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने स्वास्थ्य सेवाओं का भी जायजा लिया. उन्होंने स्पष्ट किया कि उपायुक्त के नेतृत्व में जिला प्रशासन स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल और विधि-व्यवस्था को लेकर ‘जीरो टॉलरेंस’ पर काम कर रहा है. अस्पताल आने वाले मरीजों और उनके परिजनों को सुरक्षित और बेहतर माहौल देना हमारी पहली प्राथमिकता है.
ये लोग रहे मौजूद
इस मौके पर अस्पताल उपाधीक्षक डॉ. माहेरू यामानी, अस्पताल प्रबंधक विकास केसरी, थाना प्रभारी सुनील तिवारी, उप निरीक्षक अविनाश कुमार और होमगार्ड इंस्पेक्टर दिलीप कुमार सहित कई अधिकारी मौजूद थे.
इसे भी पढ़ें: पलामू डीसी ने एमएमसीएच का किया औचक निरीक्षण, व्यवस्था सुधार लाने का दिया अल्टीमेटम
इसे भी पढ़ें: प्रसव पीड़ा के बाद पांकी सीएचसी में भर्ती महिला की मौत, परिवार में मचा कोहराम
