मेराल. मेराल थाना क्षेत्र के बादल लाइन होटल में मिठाई के एडवांस भुगतान को लेकर विवाद हो गया. इस दौरान हुई मारपीट में गढ़वा थाना क्षेत्र के खजूरी गांव निवासी कुश कुमार दुबे घायल हो गये. घायल युवक का प्राथमिक उपचार अस्पताल में कराया गया. जानकारी के अनुसार, कुश कुमार दुबे अपनी फुफेरी बहन की शादी के लिए नाश्ते की मिठाई लेने अपने भाई के साथ होटल पहुंचे थे. उन्होंने होटल संचालक हीरा साह से पहले बुक की गयी मिठाई मांगी और तीन हजार रुपये एडवांस देने की बात कही. हालांकि संचालक ने केवल दो हजार रुपये मिलने की बात कही. इसी को लेकर दोनों पक्षों में बहस शुरू हो गयी. आरोप है कि बहस के दौरान संचालक के पुत्र बादल साह ने कुश कुमार दुबे के साथ मारपीट की, जिससे वह घायल हो गये. पीड़ित ने मेराल थाने में लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है. उन्होंने होटल संचालक और कर्मियों पर जानलेवा हमला व धमकी देने का आरोप लगाया है. वहीं बादल साह ने गंभीर मारपीट से इनकार किया है. बादल ने कहा कि सिर्फ मामूली कहा-सुनी हुई थी. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
मिठाई के एडवांस भुगतान को लेकर होटल में मारपीट, युवक घायल
मिठाई के एडवांस भुगतान को लेकर होटल में मारपीट, युवक घायल
