गढ़वा: शहर के कचहरी रोड स्थित उत्सव गार्डन के सभागार में लायंस क्लब ऑफ गढ़वा ऑसम का पदस्थापन समारोह आयोजित किया गया. कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री सह झामुमो केंद्रीय महासचिव मिथिलेश कुमार ठाकुर उपस्थित थे. विशिष्ट अतिथि के रूप में लायंस क्लब के प्रथम उपाध्यक्ष कंचन साहू, पीडीजी सुषमा त्रिवेदी तथा लायंस क्लब ऑफ गढ़वा ऑसम के अध्यक्ष डॉ. असजद अंसारी मौजूद रहे.
नेत्र चिकित्सक सुशील कुमार को लायन ऑफ द ईयर पुरस्कार
समारोह के दौरान वर्ष 2025-26 में 3,389 मोतियाबिंद मरीजों का नि:शुल्क ऑपरेशन कर उनकी आंखों की रोशनी लौटाने वाले राधिका नेत्रालय के संस्थापक सह नेत्र चिकित्सक सुशील कुमार को लायंस क्लब की ओर से लायन ऑफ द ईयर 2025-26 पुरस्कार से सम्मानित किया गया. पूर्व मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर ने उन्हें पुरस्कार प्रदान किया.
इस अवसर पर मिथिलेश कुमार ठाकुर ने कहा कि किसी व्यक्ति की आंखों की रोशनी लौटाना सबसे बड़ा पुनीत कार्य है. पिछले एक वर्ष में राधिका नेत्रालय के माध्यम से तीन हजार से अधिक मोतियाबिंद मरीजों की सफल सर्जरी कर उनकी आंखों की रोशनी लौटायी गयी है. यह कार्य न केवल प्रशंसनीय है, बल्कि समाजसेवा के क्षेत्र में कार्य करने वाले लोगों के लिए प्रेरणास्रोत भी है.
उन्होंने कहा कि लायंस क्लब सेवा भाव से कार्य करने वाली संस्था के रूप में जाना जाता है और वर्षभर विभिन्न माध्यमों से जरूरतमंद लोगों की सेवा करता है.
एक दशक में 12 हजार से अधिक मरीजों का ऑपरेशन
पुरस्कार प्राप्त करने के बाद नेत्र चिकित्सक सुशील कुमार ने बताया कि वर्ष 2025-26 में नि:शुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर आयोजित कर कुशल नेत्र चिकित्सकों की टीम द्वारा 3,389 मोतियाबिंद मरीजों का सफल लेंस प्रत्यारोपण किया गया. उन्होंने कहा कि पिछले एक दशक में नि:शुल्क शिविरों के माध्यम से 12 हजार से अधिक मोतियाबिंद मरीजों का सफल ऑपरेशन किया जा चुका है और यह सेवा कार्य लगातार जारी है.
उमेश अग्रवाल बने नए अध्यक्ष
समारोह में लायंस क्लब ऑफ गढ़वा ऑसम के नए सत्र के लिए उमेश अग्रवाल को अध्यक्ष बनाया गया तथा उन्हें पद एवं दायित्व की शपथ दिलायी गयी. कार्यक्रम में लायंस क्लब ऑफ गढ़वा, जायंट्स ग्रुप ऑफ गढ़वा सहित विभिन्न स्वयंसेवी संगठनों के पदाधिकारी, सदस्य एवं सहयोगी उपस्थित थे.
इसे भी पढ़ें: चिनिया मोड़ पर नाग पंचमी की धूम, परशुराम वंशजों ने राहगीरों में बांटा प्रसाद
